बाराबंकी/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी के रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेव धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर की आधारशिला रखी और दरियाबाद में आयोजित जनसभा में ₹542 करोड़ से अधिक की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
यह भी पढ़ें: CM योगी ने किया आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नए मुख्यालय का लोकार्पण
जलाभिषेक और कॉरिडोर का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने लोधेश्वर महादेव धाम में दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया। निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर का भव्य कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय रोजगार तथा अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 1947 में देश आजाद हो गया था लेकिन महादेव धाम तक आजादी की रोशनी नहीं पहुंच सकी। वर्षों तक यहां के विकास की किसी ने सुध नहीं ली। समाजवादी पार्टी की सरकारें कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल बनाने में व्यस्त रहीं लेकिन लोधेश्वर महादेव धाम के विकास की चिंता नहीं हुई।
₹542 करोड़ की 82 परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने दरियाबाद में आयोजित जनसभा में ₹542 करोड़ से अधिक की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, प्रतीकात्मक चेक, चाबी तथा टूलकिट वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने बाराबंकी को State Capital Region (SCR) के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले के एक ओर राजधानी लखनऊ और दूसरी ओर धर्मनगरी अयोध्या है इसलिए यहां के लोगों के “दोनों हाथों में लड्डू” हैं। लखनऊ और अयोध्या तक जो विकास पहुंचेगा उसका लाभ भी बाराबंकी को निश्चित रूप से मिलेगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने इसका शिलान्यास तो किया था लेकिन अनुमानित लागत ₹15,000 करोड़ से अधिक रखी गई थी। योगी सरकार ने प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृतियों की दोबारा समीक्षा कराई जिसके बाद करीब ₹11,500 करोड़ में ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा कराया गया। इससे हजारों करोड़ रुपये की सार्वजनिक धनराशि की बचत हुई।
सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा — “कांग्रेस लूट करने वाली और समाजवादी पार्टी डकैती डालने वाली पार्टी है। इनसे सतर्क रहेंगे तो हमेशा फायदे में रहेंगे।”
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति हमेशा उदासीन रही। सपा शासन में महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि “देख सपाई, बिटिया घबराई” यह सिर्फ नारा नहीं बल्कि पिछली सरकारों की कार्यशैली का प्रतिबिंब है।
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के शासन में तमंचे और कट्टे बनते थे जबकि आज उत्तर प्रदेश में लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। यह प्रदेश की बदलती तस्वीर और बेहतर कानून-व्यवस्था का परिणाम है।
यह भी पढ़ें: UP में 826 ब्लॉक प्रमुख बने प्रशासक — इतिहास में पहली बार तीनों एकसाथ बने प्रशासक
के.डी. सिंह बाबू को सम्मान
मुख्यमंत्री ने बाराबंकी के महान हॉकी खिलाड़ी के.डी. सिंह ‘बाबू’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देश को ओलंपिक में गौरव दिलाया लेकिन कांग्रेस और सपा की सरकारों ने उनकी हवेली तक बिकने की नौबत आने दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि के.डी. सिंह ‘बाबू’ की हवेली को संरक्षित कर उनकी स्मृतियों को पुनर्जीवित किया जाएगा। वहां उनके नाम पर म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। हेलीपैड से लेकर मंदिर और जनसभा स्थल तक बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक भी की।



