गाज़ीपुर, 07 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के सेवा, संकल्प एवं समर्पण अभियान के तहत गाज़ीपुर में सेवा ज्योति मशाल यात्रा निकाली गई। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मोटरसाइकिल जुलूस के साथ लंका मैदान पहुंचे। यहां आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का देश के नाम संबोधन कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल माध्यम से सुना।
लंका मैदान से शुरू हुई यात्रा
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री एवं घोसी के पूर्व विधायक विजय बहादुर राजभर, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत और अन्य नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर मशाल पदयात्रा की शुरुआत की। कार्यकर्ताओं ने लंका मैदान से यात्रा शुरू की, जो बड़ी बाग चुंगी, तुलसी सागर, सिंचाई विभाग चौराहा, बंधवा और खजुरिया होते हुए पीरनगर चौराहे तक पहुंची।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रसेवा, जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी रही और पूरे आयोजन के दौरान भाजपा के सेवा अभियान को लेकर उत्साह देखने को मिला।
2047 के लक्ष्य का संकल्प
मुख्य अतिथि विजय बहादुर राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण से जोड़कर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद से प्रधानमंत्री ने राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी है। भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
जिला प्रभारी अजीत चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल को लेकर देशभर में सेवा, संकल्प एवं समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सात सीटों पर भाजपा की जीत के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय रहना होगा।
सेवा और संगठन पर जोर
कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा से प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ता सेवा, संगठन और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को पूरे देश की साझा जिम्मेदारी बताते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
इस दौरान विजय बहादुर राजभर ने मौजूद कार्यकर्ताओं और नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया। आयोजन में भाजपा के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

