गाज़ीपुर, 7 अक्टूबर। कोतवाली पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को सेमरा हाईवे पर एनएच-31 के बस स्टैंड के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों को 534 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 40 हजार रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
बुधवार को कोतवाली पुलिस की टीम सेमरा हाईवे स्थित एनएच-31 के बस स्टैंड के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से संदिग्ध युवकों के बारे में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ का वजन कराया तो यह 534 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत 1,03,40,000 रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहुल यादव (20) पुत्र वकील यादव, निवासी भनदहा कला, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी और रवि राजभर (22) पुत्र नागेन्द्र राजभर, निवासी कौला जखनिया, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाज़ीपुर के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा, उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाठक समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। हेरोइन की बरामदगी के बाद कोतवाली थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 29 और 60 के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

