लखनऊ। सोमवार 9 जून से यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शुरू होने जा रही है। 28.65 लाख उम्मीदवारों की भागीदारी वाले इस विशाल इम्तिहान के लिए प्रशासन द्वारा बेहद पुख्ता और सख्त इंतजाम किए गए हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा की प्रत्येक पाली में करीब 4.90 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। पूरे प्रदेश में 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा से लेकर परिवहन तक हर पहलू पर ध्यान दिया गया है।
परीक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी नोडल अधिकारियों को केंद्रों तक सही प्रश्न पत्र पहुँचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार शाम से ही सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती हो गई है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार कार्ड सत्यापन, ई-केवाईसी और आइरिस जांच अनिवार्य होगी। हाईटेक उपकरणों से जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा। स्थानीय पुलिस और एसटीएफ संदिग्धों पर निगरानी रखेगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बरती जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे जूते की जगह चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र आएं।
यह भी पढ़ें: CM योगी ने की GRP की समीक्षा — रेलवे सुरक्षा में जीरो टॉलरेंस
महिला अभ्यर्थियों के लिए खास व्यवस्था
महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए परीक्षा केंद्र उनके गृह जनपद के मंडल वाले जिलों में ही आवंटित किए गए हैं। प्रवेश के दौरान चेकिंग के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कलावा, मंगलसूत्र जैसे धार्मिक चिन्हों पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी। महिला अभ्यर्थी बेझिझक इन्हें पहनकर परीक्षा दे सकती हैं।
रेलवे स्टेशनों पर हेल्पडेस्क
परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए चारबाग और लखनऊ जंक्शन सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की गई है। जीआरपी, आरपीएफ और पुलिस अलर्ट मोड पर हैं। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां लगाने की भी तैयारी कर ली गई है। सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी की अतिरिक्त फोर्स और पीएसी जवान तैनात रहेंगे।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर में ऑपरेशन वज्रपात — 49 गैंग चिन्हित, 11 गिरफ्तार
चारबाग जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि हेल्पडेस्क के जरिए परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुँचने का रास्ता बताया जाएगा। आरपीएफ इंचार्ज भूपेंद्र सिंह डागर ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे। स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, एंबुलेंस और डॉक्टर भी उपलब्ध रहेंगे। ऑटो-टेम्पो चालकों को निर्देश दिया गया है कि मनमाना किराया न वसूला जाए, अन्यथा कार्रवाई होगी।
28.65 लाख अभ्यर्थी — तैयारी पुख्ता
भर्ती बोर्ड के अपर सचिव सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं। आरक्षी पद के लिए लगभग 28.65 लाख उम्मीदवारों ने फॉर्म भरा है। यह आंकड़ा साफ दर्शाता है कि राज्य के युवाओं में खाकी वर्दी पहनने को लेकर कितना रुझान है। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यही है कि पूरी चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, साफ-सुथरी और बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके।

