गाज़ीपुर, 8 सितंबर। राइफल क्लब स्थित कलेक्टर सभागार में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर मौजूद रहे। समारोह में अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और PDA पर निशाना साधा। साथ ही सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
राइफल क्लब में हुए कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र दिए गए। वहीं, नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। सुपोषित बच्चों के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और स्पॉन्सरशिप योजना से जुड़े लाभार्थी बच्चों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बच्चों के पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़े योगदान की सराहना की गई।
अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का राइफल क्लब में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह, विधायक बेदी राम, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और बड़ी संख्या में लाभार्थियों की मौजूदगी रही।
राजभर का अखिलेश पर पलटवार
राजभर ने अखिलेश यादव के PDA पर हमला बोलते हुए इसका नया मतलब बताया। उन्होंने कहा कि P से पहली बार 2017 में हारे, D से दूसरी बार 2022 में और A से अबकी बार 2027 में हारेंगे।
सपा की लाल टोपी पर भी उन्होंने तंज कसा और अखिलेश यादव को टोपी का रंग नीला करने की बात कही। उन्होंने इसके पीछे अपनी राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना की नीले रंग की ड्रेस का संदर्भ दिया। राजभर ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उन्होंने राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना बनाई है, जिसमें एक लाख लोगों को मौका दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी यह सेना सपा का मुकाबला करने के लिए तैयार है।
सहारनपुर मस्जिद मामले पर टिप्पणी
सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने के मामले पर राजभर ने कहा कि सरकार ने अदालत के आदेश का पालन किया है। उन्होंने कहा कि जब कोर्ट की ओर से नोटिस दिया गया था, तब सपा और कांग्रेस को चिंता नहीं थी, लेकिन कार्रवाई के बाद वहां जाने और फातिया पढ़ने की बात कही जा रही है।
मौके पर मिले पुराने कुएं को लेकर भी राजभर ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इसकी जांच की जा रही है कि वहां इतना बड़ा और पुराना कुआं कैसे मौजूद था और इसके बावजूद वहां मस्जिद का निर्माण कैसे हुआ। उन्होंने कहा कि पहले मंदिरों के आसपास कुएं होने की परंपरा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
शिक्षामित्रों की मांगों पर बात
राजभर ने शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार सभी के हितों का ध्यान रख रही है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 3 हजार से बढ़ाकर 8 हजार और फिर 12 हजार रुपये किया गया है। सहायिकाओं का मानदेय 1500 से बढ़ाकर 4 हजार और फिर 6 हजार रुपये किया गया। इसके साथ ही 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा दिए जाने की भी बात कही।

