गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर जिले के चिल्लूपार के महुआपार में आयोजित कार्यक्रम में ₹295 करोड़ से अधिक लागत की 319 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गोरखपुर विकास और निवेश का नया केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिल्लूपार की धरती सरयू मां के आंचल में बसी है और यहां के युवाओं ने देश ही नहीं विदेशों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अब समय आ गया है कि रोजगार के लिए युवाओं को बाहर न जाना पड़े, बल्कि निवेश और उद्योगों के माध्यम से रोजगार के अवसर जनपद के दक्षिणांचल में ही उपलब्ध हों।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में CM योगी ने दी ₹955 करोड़ की 39 परियोजनाएं
₹295 करोड़ की 319 परियोजनाएं — चिल्लूपार को विकास की सौगात
मुख्यमंत्री ने ₹295 करोड़ से अधिक लागत की 319 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर चिल्लूपार क्षेत्र को विकास की सौगात दी। इन परियोजनाओं में सड़क, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राम-जानकी मार्ग को बेहतर बनाने के साथ-साथ क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए अनेक विकास कार्य किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज क्षेत्र में निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं और सरकार युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रेटर गीडा धुरियापार क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति दी गई है जिससे रोजगार और निवेश के अवसर बढ़े हैं। नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।
चिल्लूपार बनेगा आयुष और ट्रेडिशनल मेडिसिन का केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि चिल्लूपार ट्रेडिशनल मेडिसिन के एक नए केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। आयुष शिक्षा के क्षेत्र में भी चिल्लूपार नई पहचान बना रहा है और यहां से आयुष चिकित्सक तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां ऐसे संस्थान खोले जाएंगे जहां उद्योग आधारित ट्रेनिंग दी जाएगी जिससे नौजवानों को यहीं नौकरी भी मिलेगी।
सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच सौ वर्षों तक चली पीड़ा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समझा और उसके समाधान का मार्ग प्रशस्त किया। उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बाढ़ और कटान से बचाव के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण दक्षिणांचल की समस्याओं से सरकार भली-भांति परिचित है। बाढ़ और कटान से बचाव के लिए जो भी आवश्यक होगा वह पूरा किया जाएगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की बाढ़ की समस्या और उससे होने वाली जन-धन की क्षति से अवगत कराया। पिछले दस वर्षों में प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
यह भी पढ़ें: वाराणसी में CM योगी का जनकल्याण शिविर
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख जन प्रतिनिधि
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, विधायक राजेश त्रिपाठी, डॉ. विमलेश पासवान, डॉ. संजय निषाद, श्रवण निषाद, प्रदीप शुक्ला, महेंद्रपाल सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला पंचायत सदस्य आलोक कुमार गुप्ता, भाजपा नेत्री अस्मिता चंद, ब्लॉक प्रमुख रामआशीष राय, शिवाजी चंद, चेयरमैन प्रीति उमर, लालती देवी और जिला पंचायत सदस्य मायाशंकर शुक्ल सहित अनेक जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

