वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वाराणसी के चौकाघाट स्थित गिरिजादेवी सांस्कृतिक संकुल सभागार में जनकल्याण शिविर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रीट वेंडर और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं और काशी के विकास पर विस्तार से बात की। कार्यक्रम के बाद उन्होंने श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
स्ट्रीट वेंडर और लाभार्थियों को मिली सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सीधे प्रदान किया। स्ट्रीट वेंडर प्रमिला देवी हैंडीक्राफ्ट, राजू आइस्क्रीम और दीपक कुमार बरनवाल को पथ विक्रय प्रमाण पत्र दिए गए। पीएम स्वनिधि के तहत रेडीमेड कपड़े का स्टाल लगाने वाली बेबी मौर्य को ₹50,000 का चेक और कॉस्मेटिक सामग्री का स्टाल लगाने वाले कन्हैया को ₹30,000 का क्रेडिट कार्ड दिया गया।
यह भी पढ़ें: वाराणसी में CM योगी की PWD समीक्षा बैठक
सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत बुटीक सेंटर चलाने वाली रोशनी कुमारी को ₹4.5 लाख और फास्ट फूड स्टाल चलाने वाली यशिका सिंह को ₹2.5 लाख का चेक दिया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान के अंतर्गत दर्जी का काम करने वाली ललिता और खुशबू जायसवाल को सिलाई मशीन और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम की शुरुआत में स्टाम्प और न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया।
वाराणसी में 60 हजार स्ट्रीट वेंडर को PM स्वनिधि का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत अकेले वाराणसी में 60,000 स्ट्रीट वेंडर को पहली किस्त का लाभ मिला है। इनमें से 26,800 लाभार्थियों को दूसरी किस्त और 5,000 से अधिक लाभार्थियों को तीसरी किस्त भी मिल चुकी है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से देश में स्वयं सहायता समूहों की 10 करोड़ महिला सदस्यों को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया गया है। घरौनी वितरण के माध्यम से देश के 3 करोड़ परिवारों को आवास का मालिकाना अधिकार मिला है, जो विशेष रूप से महिलाओं को उपलब्ध कराया गया है।
काशी की बदली पहचान, रोपवे से मिलेगी नई सुविधा
मुख्यमंत्री ने काशी के विकास की बात करते हुए कहा कि काशी पहले संकरी गलियों के लिए जानी जाती थी। आज साल में 15 से 20 लाख श्रद्धालु काशी आ रहे हैं। काशी के घाट इतने सुंदर हो गए हैं कि पर्यटक निहारते रह जाते हैं।
उन्होंने रोपवे का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक नया मॉडल है। जब इसका लोकार्पण होगा तो काशीवासियों को नया अहसास होगा। काशी में जाम की स्थिति में आशातीत सुधार हुआ है। वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनें भारत में ही बन रही हैं। रेलवे स्टेशन अब एयरपोर्ट की तरह दिखने लगे हैं।
यह भी पढ़ें: मोदी सरकार के 12 साल पर CM योगी का संवाद
परिवहन और कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव
मेट्रो की सुविधा जो पहले केवल 5 शहरों तक सीमित थी, आज 20 से अधिक शहरों तक पहुंच चुकी है। अकेले उत्तर प्रदेश के 7 शहरों में मेट्रो संचालित है। देश का पहला इनलैंड वॉटरवे वाराणसी से हल्दिया के बीच सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।
80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से निःशुल्क राशन की सुविधा दी जा रही है। आयुष्मान कार्ड से गरीबों को सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज मिल रहा है। 12 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए। 4 करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए गए। जन धन खातों के माध्यम से सरकारी सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचाई जा रही है।
बेटियों और युवाओं के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्या सुमंगला योजना में बेटी के जन्म से लेकर उसकी शादी तक की व्यवस्था की गई है। मुद्रा योजना और विश्वकर्मा योजना के माध्यम से युवाओं और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुंचाकर आत्मनिर्भर और सशक्त समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है।


