गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में ₹926.08 करोड़ की लागत की 226 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ₹126.64 करोड़ की 38 परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹799.44 करोड़ की 188 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, शहरी विकास, पेयजल और आधारभूत संरचना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सुपोषण मिशन के द्वितीय चरण का भी शुभारंभ किया जिसका लाभ प्रदेश के लगभग 2 करोड़ बच्चों को मिलेगा। इसके अलावा स्टेडियम में स्थानीय खिलाड़ियों के बीच हॉकी मैच का शुभारंभ कराया और प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में CM योगी की PWD बैठक
₹926 करोड़ की 226 परियोजनाएं
लोकार्पित होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में जिला चिकित्सालय में पीएचएल लैब, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम भवन का जीर्णोद्धार (₹7.35 करोड़), चरगावां आईटीआई में 50 सीटों वाला कॉन्फ्रेंस हाल और दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में नए ट्यूबवेल शामिल हैं।
खेल के क्षेत्र में स्पोर्ट्स कॉलेज में बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल (₹10.07 करोड़) और हॉकी मैदान के लिए ₹7 करोड़ का रबर मैट लगाया गया। कानून-व्यवस्था के तहत रामगढ़ताल थाना भवन (₹7.66 करोड़), साइबर थाना भवन (₹4.88 करोड़) और जिला कारागार में नई बैरकें (₹11.88 करोड़) का लोकार्पण हुआ। पीएसी परिसर में आवास निर्माण (₹8.60 करोड़) और एमएमएमयूटी से सिंघड़िया तक आरसीसी नाला (₹5.73 करोड़) भी इनमें शामिल हैं।
नगर निगम क्षेत्र में सड़कों, नालियों, पार्कों और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का भी लोकार्पण हुआ। विभिन्न पोखरों और पार्कों का विकास (₹18 करोड़) भी इसी कड़ी में है।
पर्यटन और विरासत संरक्षण
पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के तहत प्राचीन विष्णु मंदिर पर्यटन विकास, शिव मंदिर सुंदरीकरण, विभिन्न पोखरों का विकास, टाउनहाल रेस्टोरेशन और नगर निगम के पुराने सदन हाल को संग्रहालय के रूप में विकसित करने की परियोजनाएं जनता को समर्पित की गईं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 300 लोगों की क्षमता वाले बाढ़ शरणालय (₹5.82 करोड़) का लोकार्पण आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहरी विधानसभा, ग्रामीण विधानसभा और पिपराइच विधानसभा क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा।
2 करोड़ बच्चों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सुपोषण मिशन के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। प्रदेश में 70 हजार से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में प्री-प्राइमरी और बाल वाटिका कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों में लगभग 2 करोड़ बच्चे न केवल अनुपूरक पुष्टाहार प्राप्त कर रहे हैं बल्कि उन्हें अक्षर ज्ञान और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा का वातावरण भी मिल रहा है।
CM योगी ने खेला हॉकी
कार्यक्रम का एक आकर्षण रहा जब मुख्यमंत्री ने हॉकी स्टिक थामकर मैदान में उतरे और 2 बार गेंद को गोल में डाला। स्थानीय खिलाड़ियों के साथ ग्रुप फोटो भी ली। सांसद रवि किशन भी इस दौरान मैदान में सक्रिय दिखे। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में निर्माणाधीन पवेलियन का निरीक्षण भी किया और खेल प्रतिभाओं से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में देश का सबसे अच्छा एक्सप्रेसवे, रेलवे और मेट्रो नेटवर्क है। इंटरस्टेट कनेक्टिविटी सुदृढ़ हुई है। नए पावर प्लांट स्थापित हो रहे हैं और उद्योगों का विस्तार हो रहा है।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में CM योगी का जनता दर्शन
9 साल में बदला गोरखपुर
जनसभा में मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के पिछले 9 वर्षों के बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर में बीमारी, बिजली संकट, सड़कों पर गड्ढे, जलजमाव, गंदगी और बाढ़ की समस्याएं थीं। नौजवानों के लिए रोजगार नहीं था, व्यापारियों की सुरक्षा नहीं थी और बेटियां शाम के बाद घर से निकलने में डरती थीं।
इंसेफ्लाइटिस से सैकड़ों बच्चों की मौत होती थी। बंद फर्टिलाइजर कारखाना और बीमार बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर की पहचान बन चुके थे। लखनऊ पहुंचने में 8 घंटे लगते थे। रामगढ़ताल गंदगी का गढ़ था।
आज स्थिति बदल चुकी है। जलजमाव की समस्या का समाधान हो गया है। फर्टिलाइजर कारखाना फिर से चल रहा है। इंसेफ्लाइटिस का खात्मा हुआ है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज स्वस्थ हुआ है। रामगढ़ताल और चिलुआताल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हुए हैं। लखनऊ की दूरी अब 3:30 घंटे और वाराणसी की दूरी ढाई घंटे में पूरी हो जाती है। बिजली अनवरत मिल रही है और सड़कें चौड़ी हो गई हैं।

