📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। बाबा महेंद्रनाथ मंदिर परिसर में चढ़ावे के बंटवारे को लेकर शनिवार को हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने रविवार को कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र राय के पर्यवेक्षण में मदनपुर थाना पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। दोनों पक्षों के खिलाफ दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। मंदिर क्षेत्र में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।
गौरतलब है कि शनिवार को इस मंदिर परिसर में दो पुजारी गुटों के बीच चढ़ावे और वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। एक बुजुर्ग पुजारी पर लाठी-डंडों से हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। दोनों पक्षों ने मदनपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: नोएडा में बस हादसा, 17 घायल
दोनों पक्षों पर FIR, 6 मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर दो अलग मुकदमे दर्ज किए। मु.अ.सं. 055/2026 में BNS की धारा 115(2), 352, 351(3) और मु.अ.सं. 57/2026 में धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को धारा 170/126/135 BNSS के अंतर्गत चालान कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मारपीट के मुख्य मामले में गिरफ्तार 6 अभियुक्तों के नाम इस प्रकार हैं:
- वशिष्ठ भारती पुत्र स्व. पारस भारती, उम्र 46 वर्ष — निवासी महेन, मदनपुर
- मारकंडेय भारती पुत्र स्व. पारस भारती, उम्र 55 वर्ष — निवासी महेन, मदनपुर
- जनार्दन गोस्वामी पुत्र स्व. बृजनाथ गोस्वामी, उम्र करीब 58 वर्ष — निवासी महेन, मदनपुर
- समीर गोस्वामी पुत्र जनार्दन गोस्वामी, उम्र 40 वर्ष — निवासी महेन, मदनपुर
- आकाश गोस्वामी पुत्र रमेश गोस्वामी, उम्र 30 वर्ष — निवासी महेन, मदनपुर
- विशाल गोस्वामी पुत्र रमेश गोस्वामी, उम्र 22 वर्ष — निवासी महेन, मदनपुर
पुलिस के अनुसार मंदिर में दो पुजारी गुटों के पूजा-पाठ के लिए अलग-अलग समय निर्धारित हैं। शनिवार को एक पक्ष ने निर्धारित समय से इतर दखलंदाजी की जिससे पहले कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। घायलों का उपचार महेन स्वास्थ्य केंद्र पर किया गया था।
शांति व्यवस्था के लिए 5 और गिरफ्तार
मुख्य अभियुक्तों के अलावा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए शांति व्यवस्था के दृष्टिगत 5 और व्यक्तियों का चालान किया गया है:
- रत्नेश यादव पुत्र ब्रह्मदेव यादव, उम्र 24 वर्ष — निवासी भदिला प्रथम, मदनपुर
- पवन यादव पुत्र मुन्ना यादव, उम्र 28 वर्ष — निवासी भदिला प्रथम, मदनपुर
- संजय यादव पुत्र रामचीज, उम्र 40 वर्ष — निवासी भदिला प्रथम, मदनपुर
- राहुल यादव पुत्र रामचीज यादव, उम्र 32 वर्ष — निवासी भदिला प्रथम, मदनपुर
- सत्यम तिवारी पुत्र बब्लू तिवारी, उम्र 28 वर्ष — निवासी जमिरा, मदनपुर
पुलिस ने इन सभी को धारा 170/126/135 BNSS के अंतर्गत चालान कर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की है। पुलिस बल की तैनाती से क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।
यह भी पढ़ें: देवरिया में CMS का मेडिकल कॉलेज औचक निरीक्षण
आस्था के केंद्र में विवाद, आहत हुए श्रद्धालु
ग्राम महेन स्थित बाबा महेंद्रनाथ शिव मंदिर देवरिया जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। श्रावण मास और पुरुषोत्तम माह में यहां विशेष भीड़ रहती है। मंदिर की देखरेख और चढ़ावे की व्यवस्था लंबे समय से गोसाईं परिवार के सदस्य करते आ रहे हैं।
ऐसे पवित्र स्थल पर हुई इस हिंसक घटना से क्षेत्र के श्रद्धालु आहत हैं। वायरल वीडियो में बुजुर्ग पुजारी पर हो रहे हमले को देखकर स्थानीय लोगों में आक्रोश था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मंदिर परिसर में भविष्य में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

