गाज़ीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह 10:25 बजे हेलीकॉप्टर से यूसुफपुर नवीन कृषि मंडी मुहम्मदाबाद पहुंचे और ₹692 करोड़ की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 83 परियोजनाओं का लोकार्पण और 185 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को लैपटॉप, प्रतीकात्मक चेक, स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक मुस्लिम महिला कारीगर के हाथ से बनाए गए बजरंगबली के चित्र की सराहना की और एक मुस्लिम बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
यह भी पढ़ें: CM योगी का माफियाओं पर प्रहार — सांसद अफज़ाल पर सीधा निशाना
किन क्षेत्रों को मिला लाभ
इन परियोजनाओं का लाभ गाज़ीपुर के जखनियां, सैदपुर, मुहम्मदाबाद, जमानियां, जहूराबाद, गाज़ीपुर सदर और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा। सबसे अधिक परियोजनाएं सदर विधानसभा क्षेत्र में हैं। लोकार्पण की गई प्रमुख परियोजनाओं में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल योजनाएं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के शैक्षणिक भवन व छात्रावास, मनिहारी-जखनियां-फद्दोपुर मार्ग का चौड़ीकरण, गाज़ीपुर-आजमगढ़ मार्ग का सुदृढ़ीकरण, नगर पालिका क्षेत्र की सीवर परियोजनाएं और गंगा तट पर कटानरोधी कार्य शामिल हैं।
शिलान्यास की गई परियोजनाओं में अंधऊ-चौकिया बाईपास, महिला एवं पुरुष जिला अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम, मेडिकल कॉलेज की बाउंड्री वाल, नई पुलिस चौकियां, सिंथेटिक हॉकी मैदान, बहुउद्देशीय क्रीड़ागृह का जीर्णोद्धार और धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाज़ीपुर को अब चारों दिशाओं से फोर लेन कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है। लखनऊ की दूरी जो पहले 8 से 10 घंटे में तय होती थी वह अब साढ़े तीन घंटे में पूरी होती है।
कनेक्टिविटी पर बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को अब चंदौली और वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक विस्तारित किया जाएगा। इससे गाज़ीपुर को और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। गाज़ीपुर से काशी, लखनऊ और गोरखपुर की यात्रा के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और वाराणसी-गोरखपुर हाईवे दोनों उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाज़ीपुर में महर्षि विश्वामित्र के नाम पर मेडिकल कॉलेज बन चुका है। इको टूरिज्म के क्षेत्र में भी जनपद आगे बढ़ रहा है और स्पिरिचुअल टूरिज्म से जुड़े स्थलों का पुनरुद्धार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: गहमर के 12 हजार सैनिक — CM योगी ने सुनाई गाज़ीपुर की शौर्य गाथा
लाभार्थियों से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में छात्राओं से संवाद किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। पीएम सूर्य मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल ऋण माफी सहित कई योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों ने साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य है कि हर गरीब के पास छत हो, हर किसान को उपज का सही दाम मिले और हर युवा के हाथ को काम मिले। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि अगर गाज़ीपुर उनके साथ दस कदम चलेगा तो वे सौ कदम आगे बढ़कर काम करेंगे।
कार्यक्रम में एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने गदा देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय और युवा नेता पीयूष राय ने स्मृति चिह्न प्रदान किया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ODOP के तहत वॉल हैंगिंग भेंट किया। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे।



