📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि, भूमि संरक्षण, उद्यान और मत्स्य सहित संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के बाद अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और हर पात्र किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें: ट्रॉमा सेंटर निर्माण में देरी पर DM सख्त — कार्यदायी संस्था पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश
किसानों की आय पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में कहा कि कृषि और संबद्ध विभाग सीधे किसानों की आजीविका और आय से जुड़े हैं। सभी विभाग टीम भावना के साथ मिलकर काम करें और शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाएं। उन्होंने विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
फार्मर आईडी और फैमिली आईडी के कार्य को राजस्व, विकास और कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। फसल बीमा योजना का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचे इसके लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया। किसानों की आय बढ़ाने के लिए नवाचार आधारित कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया गया।
जल संरक्षण और चेक डैम
भूमि संरक्षण विभाग को तालाबों के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। आकांक्षात्मक विकास खंडों के लिए विशेष परियोजनाएं तैयार करने को कहा गया। साथ ही जिले के प्रत्येक विकास खंड में एक चेक डैम के निर्माण की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए ताकि भूजल स्तर बनाए रखा जा सके और कृषि के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो।
यह भी पढ़ें: DM मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में लिया संज्ञान — वैकल्पिक रास्ते पर कब्जा हटाने के निर्देश
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत पात्र मछुआरों को नाव और अनुमन्य उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया। जनपद में मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने के लिए अधिक से अधिक मांग प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला मत्स्य अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

