📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खामपार पुलिस ने रविवार रात कार्रवाई की। बरैठा माड़ीपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहन की तलाशी में 76 पाउच अवैध देशी शराब बरामद हुई। शराब को बिहार ले जाया जा रहा था। मौके पर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: DM ने जनता दर्शन में शिकायत का लिया संज्ञान — वैकल्पिक रास्ते पर कब्जा हटाने के निर्देश
मुखबिर की सूचना पर जांच
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार की निगरानी में थाना खामपार पुलिस की टीम रात को संदिग्ध वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक दो पहिया वाहन पर अवैध शराब लादकर बिहार ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरैठा माड़ीपुर मोड़ पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। सुपर स्पेलेंडर वाहन संख्या UP52AZ4175 की तलाशी में सफेद झोले के भीतर रखे 76 पाउच अवैध देशी शराब मिले। प्रत्येक पाउच 200 ML का था जो कुल मिलाकर 15 लीटर 200 मीलीलीटर बनता है। वाहन और शराब दोनों तत्काल जब्त कर लिए गए।
दोनों अभियुक्त बिहार के
पुलिस ने मौके पर दो अभियुक्तों को धर दबोचा। पहला अभियुक्त धर्मेंद्र शाह पुत्र रामाक्या ग्राम समरौना, थाना भोरे, जनपद गोपालगंज (बिहार) का निवासी है और उसकी उम्र करीब 27 वर्ष है। दूसरा अभियुक्त गृजेश मांझी पुत्र राजकिशोर मांझी ग्राम लामिचौर, थाना भोरे, जनपद गोपालगंज (बिहार) का निवासी है जिसकी उम्र करीब 18 वर्ष है।
दोनों ही गोपालगंज जनपद के थाना भोरे क्षेत्र के रहने वाले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि देवरिया से शराब खरीदकर बिहार ले जाई जा रही थी। सीमावर्ती जनपद होने के कारण देवरिया से बिहार के बीच अवैध शराब की तस्करी का सिलसिला लंबे समय से चला आ रहा है। पुलिस इस रूट पर नियमित निगरानी रखती है।
यह भी पढ़ें: CDO ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक — किसानों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
मुकदमा दर्ज, कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद थाना खामपार में मुकदमा संख्या 168/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश करते हुए नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक विवेक कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना खामपार की पुलिस टीम ने की

