📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ने बुधवार सुबह लखनऊ के लोक भवन स्थित प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट, लोगो और पोर्टल का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण नगर पालिका परिषद देवरिया के टाउनहॉल स्थित प्रेक्षागृह में भी किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस पहल का मकसद प्रदेशभर के आउटसोर्स कर्मियों को उनकी सेवा से जुड़े जरूरी लाभ एक निर्धारित व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम को लेकर कर्मचारियों में काफी उत्सुकता देखी गई।
देवरिया में हुआ लाइव प्रसारण
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद देवरिया की अध्यक्ष अलका सिंह ने की। इस दौरान नगर पालिका के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की ओर से भी कार्यक्रम में सहभागिता की गई और उन्हें नई व्यवस्था के तहत मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के सभी वार्डों के सभासद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय प्रेम नारायण सिंह, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने टाउनहॉल में हुए लाइव प्रसारण को ध्यान से देखा।
न्यूनतम पारिश्रमिक की व्यवस्था
विभिन्न प्रशासनिक विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को न्यूनतम पारिश्रमिक सुनिश्चित कराए जाने के साथ ही नियम संगत कटौतियों और अन्य सेवा शर्तों का लाभ दिलाने के उद्देश्य से यह पोर्टल तैयार किया गया है। अभी तक कई आउटसोर्स कर्मचारियों को इन सुविधाओं के लिए अलग-अलग विभागों में भटकना पड़ता था, जिससे उनका काफी समय और मेहनत खर्च होती थी।
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से बढ़े हुए पारिश्रमिक, ईपीएफ और ईएसआईसी की कटौतियों, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, सेवा संरक्षण और प्रशिक्षण जैसे विषयों पर काम किया जाएगा। इससे कर्मचारियों के पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों को एक तय व्यवस्था के तहत लाने की कोशिश की जा रही है।
श्रमिकों को मिलेगी BOCW सुविधा
श्रम विभाग द्वारा संचालित बीओसीडब्ल्यू यानी बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर से संबंधित सुविधाएं भी आउटसोर्स कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को भी सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा लाभ मिल सकेगा। अब तक यह सुविधा सीमित वर्ग के श्रमिकों तक ही पहुंच पाती थी।
नगर पालिका परिषद देवरिया ने इस पोर्टल के शुभारंभ को आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़ी सेवाओं को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक कदम बताया है। प्रशासन के मुताबिक आने वाले समय में इस पोर्टल के जरिए और भी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, जिससे प्रदेशभर के आउटसोर्स कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा।

