📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस पर लड्डू की भारी मांग को देखते हुए गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग देवरिया की टीम ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। लड्डू बनाने वाले कारखानों में जांच के साथ कच्चे माल के भी नमूने लिए गए और कमियां पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए।
लड्डू कारखानों पर कार्रवाई
नगर और आसपास के उन प्रतिष्ठानों को विशेष रूप से निशाने पर लिया गया जहां स्वतंत्रता दिवस के लिए बड़े पैमाने पर लड्डू बनाए और आपूर्ति किए जा रहे थे। टीम ने कारखानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। तैयार लड्डू के साथ ही उनमें प्रयुक्त होने वाले कच्चे माल के भी नमूने भरे गए, ताकि गुणवत्ता की पुष्टि हो सके। बड़ी मात्रा में लड्डू आपूर्ति करने वाले कारखानों को विशेष रूप से जांच के दायरे में रखा गया।
खाद्य कारोबारियों को स्वतंत्रता दिवस पर भारी मात्रा में लड्डू की आपूर्ति के मद्देनजर साफ-सफाई और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल सुधार नोटिस जारी किए गए। लिए गए सभी नमूनों को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
गोपद डेयरी पर भी शिकंजा
नगर क्षेत्र में गोपद डेयरी मिठाई की दुकान पर खराब मिठाई बेचे जाने की शिकायत मिलने पर टीम ने वहां अलग से प्रवर्तन कार्रवाई शुरू की। प्रतिष्ठान से मिठाई के दो नमूने भरे गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। मिठाई बनाने की पूरी प्रक्रिया की टीम द्वारा गहनता से जांच की जा रही है।
टीम ने दुकान की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और स्वच्छता स्तर का भी बारीकी से निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह जांच लगातार जारी है और टीम प्रतिष्ठान पर मौजूद रहकर हर पहलू की पड़ताल कर रही है।
टीम में ये अधिकारी रहे
छापामार कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी और उनकी टीम शामिल रही। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू पाल, घनश्याम वर्मा, श्रीराम यादव, रामसिंगार, प्रेम चंद, नेहा त्रिपाठी तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्रा भी मौजूद रहे।

