📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर की प्रगति समीक्षा की। कार्य की रफ्तार बेहद धीमी पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. एच के मिश्रा और उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा में सामने आई लापरवाही
जिलाधिकारी ने अपने कार्यकक्ष में ट्रॉमा सेंटर परियोजना की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान यह पाया गया कि निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा होने की संभावना नहीं दिख रही।
डीएम हुल्गी ने बैठक में कड़े शब्दों में कहा कि ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कर हैंडओवर करने के निर्देश पहले भी दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद कार्यदायी संस्था ने अपेक्षित गति से काम नहीं किया और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना में लापरवाही बरती।
यह भी पढ़ें: DM मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में लिया संज्ञान — वैकल्पिक रास्ते पर कब्जा हटाने के निर्देश
कार्यदायी संस्था पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल को निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। निर्माण कार्य में देरी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रयाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करना प्राथमिकता है और आगे किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
ट्रॉमा सेंटर का निर्माण पूरा होने के बाद देवरिया और आसपास के जिलों के गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल और उन्नत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित होने वाला यह ट्रॉमा सेंटर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए और हर सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नई समय सीमा तय कर निर्माण को गति देने के प्रयास भी तेज किए जाएं ताकि जनता को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।


