लखनऊ। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास, 5-कालिदास मार्ग, लखनऊ में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में बलिया के विकास को नई गति देने वाली दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। पहली — मालदेपुर से फेफना तक लगभग 12.5 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण और दूसरी — गाज़ीपुर से मांझी तक लगभग ₹300 करोड़ की लागत से सड़क चौड़ीकरण। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गडकरी और मुख्यमंत्री योगी के प्रति आभार जताया।
यह भी पढ़ें: राजनाथ सिंह, गडकरी और CM योगी ने किया लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
मालदेपुर से फेफना तक फोरलेन
बैठक में बलिया के मालदेपुर से फेफना तक लगभग 12.5 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण को मंजूरी दी गई। इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रस्तावित मऊ-फेफना फोरलेन के माध्यम से मऊ और बलिया सीधे फोरलेन नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।
इससे दोनों जिलों के बीच आवागमन तेज, सुरक्षित और सुगम होगा। साथ ही व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
गाज़ीपुर-मांझी सड़क चौड़ीकरण
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गाज़ीपुर से मांझी तक लगभग ₹300 करोड़ की लागत से सड़क चौड़ीकरण परियोजना को भी स्वीकृति प्रदान की। इस परियोजना से पूर्वांचल की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।
इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से बलिया सहित आसपास के जिलों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से निवेश, व्यापार, परिवहन और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
यह भी पढ़ें: DM मधुसूदन हुल्गी ने सोंदा में पकड़ी स्टांप चोरी — मुकदमा दर्ज के निर्देश
परिवहन मंत्री ने जताया आभार
प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति पर आभार जताते हुए कहा — “बलिया के साथ पूरे पूर्वांचल के विकास को नई गति देने वाली इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।”



