वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार 8 जुलाई को वाराणसी के पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल, बड़ा लालपुर में सुबह 10 बजे से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना से प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों और उनके परिवारों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। योजना में नियमित शिक्षकों के साथ शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कर्मियों को भी शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर और स्टेशनरी के लिए ₹1,200 DBT के माध्यम से ट्रांसफर किए जाएंगे। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी भी उपस्थित रहेंगी।
यह भी पढ़ें: जनसंबोधन में CM योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना
शिक्षामित्र से रसोइया तक
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का दायरा केवल नियमित शिक्षकों तक सीमित नहीं है। इसमें शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइया जैसे संविदा कर्मियों को भी शामिल किया गया है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कार्मिक भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी और उनके परिवार को किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। वाराणसी मंडल के वाराणसी, जौनपुर, गाज़ीपुर और चंदौली जिलों के हजारों शिक्षाकर्मियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक हेमंत राव ने बताया कि वाराणसी मंडल के 7,417 बेसिक विद्यालयों में कार्यरत 66,205 पात्र कर्मियों को सीधे तौर पर इस योजना का लाभ मिलेगा।
1.10 करोड़ बच्चों को DBT
कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण MOU पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके तहत 10 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मियों को अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
इसी कार्यक्रम में CM योगी प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के खातों में DBT के माध्यम से ₹1,200 की राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे। यह राशि यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर और स्टेशनरी खरीदने के लिए दी जाएगी।
CM राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ और हरित विद्यालयों के 12 प्रधानाचार्यों को सम्मानित भी करेंगे।
यह भी पढ़ें: चंपत राय ने रामभक्तों को लिखा पत्र
वाराणसी दौरे का कार्यक्रम
CM योगी दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे हैं। मंगलवार को उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए। रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री में राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु के पुत्र के विवाह समारोह में भी शामिल हुए। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में किया।
DM सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह 9:50 बजे CM सर्किट हाउस से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। 10 से 11 बजे के बीच कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके बाद CM पुलिस लाइन हेलिपैड से राजकीय हेलिकॉप्टर द्वारा मिर्जापुर के विंध्याचल के लिए प्रस्थान करेंगे।

