वाराणसी। चेतगंज और रामनगर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने 27 जून को सर्राफा व्यापारी के साथ हुई ₹5 लाख की लूट का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान रविवार की देर रात बंदरगाह इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें मुख्य आरोपी आकाश सेठ के बाएं पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। दूसरे साथी आशीष मौर्य को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1.25 लाख बरामद किए। ADCP वैभव बांगर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से आरोपियों की पहचान हुई थी।
यह भी पढ़ें: श्री राम मंदिर ट्रस्ट में चंपत राय की विदाई
रेकी के बाद की थी वारदात
27 जून की रात सर्राफा व्यापारी अमित कुमार अपने मित्र विकास वर्मा के साथ स्कूटी पर नदेसर से ₹5 लाख नकद लेकर घर लौट रहे थे। यह रकम जमीन की रजिस्ट्री के लिए मित्रों विजय जायसवाल और अरुण सेठ से उधार ली गई थी।
चेतगंज के तेलियाबाग इलाके में बाटी चोखा रेस्टोरेंट से पहले तीन-चार बदमाशों ने स्कूटी रोकी और स्कूटी के आगे रखा कपड़े का झोला छीनकर फरार हो गए। झोले में ₹5 लाख नकद थे। इस दौरान बुलेट बाइक गिर गई जिसे बदमाश छोड़कर भाग गए।
जांच में खुलासा हुआ कि यह लूट पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई थी। आरोपी प्रद्युम्न यादव ने साथी गोविंद मौर्य को और आशीष मौर्य ने आकाश सेठ को पीड़ित के आने-जाने के समय की पूरी रेकी कराई थी। इसी मुखबिरी के आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया।
रामनगर बंदरगाह पर मुठभेड़
घटना के बाद चेतगंज थाने की पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की। सर्विलांस सेल की मदद से उनकी लोकेशन ट्रैक की जाने लगी।
रविवार रात चेतगंज थाना प्रभारी वीके शुक्ला को सूचना मिली कि दो आरोपी रामनगर भीटी इलाके में हैं। रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा और दोनों थानों की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस जब रामनगर बंदरगाह के पास पहुंची तो दो संदिग्ध दिखे। रुकने का इशारा करने पर उन्होंने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी आकाश सेठ के बाएं पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। उसका साथी भागने लगा तो पुलिस ने 50 मीटर दौड़कर उसे दबोच लिया। दोनों की शिनाख्त में सामने आया कि ये आकाश सेठ और आशीष मौर्य हैं — चेतगंज लूट के मुख्य आरोपी।
पूरी गैंग का हुआ पर्दाफाश
ADCP वैभव बांगर ने बताया कि रामनगर के लंका मैदान स्थित प्रकाश ढाबे के पास से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी:
- आकाश सेठ — नवापुरा, दारानगर, कोतवाली, वाराणसी (मुठभेड़ में घायल)
- आशीष मौर्य — शिवरामपुर, गोसाईंपुर, चोलापुर, वाराणसी
- सिपाही उर्फ विजय यादव — बसारिकपुर, चंदौली
- आकाश यादव — शास्त्री नगर, चंदौली
- प्रद्युम्न यादव — झांसी, चंदौली
- गोविंद मौर्य — झांसी थाना, चंदौली
- अमित कुमार — गाज़ीपुर (वर्तमान पता: बसारिकपुर, चंदौली)
- जावेद अख्तर — नसीरपुर, चंदौली
यह भी पढ़ें: हवाई फायरिंग आरोपी रोशन सिंह गिरफ्तार
पूछताछ और जांच जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹1.25 लाख नकद बरामद किए। शेष राशि और लूट में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है। आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। ADCP बांगर ने बताया कि पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।


