लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी अभी से शुरू हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर ने प्रदेश की 45 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की पहली सूची जारी की है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यही प्रभारी आगे चलकर चुनाव में प्रत्याशी होंगे। गाज़ीपुर जिले की जमानियां और जखनियां दोनों सीटों पर प्रभारी घोषित किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: CM योगी का माफियाओं पर प्रहार — सांसद अफज़ाल पर सीधा निशाना
गाज़ीपुर में किसे मिली जिम्मेदारी
पार्टी ने जमानियां विधानसभा के लिए जावेद इकबाल अंसारी और जखनियां विधानसभा के लिए विनय सागर को प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी की रणनीति के अनुसार ये दोनों ही आगे 2027 के चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार होंगे। चंद्रशेखर ने प्रदेश कमेटी की संस्तुति पर यह नियुक्तियां की हैं। नवनियुक्त प्रभारियों से अपेक्षा की गई है कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और बहुजन हितों की आवाज जन-जन तक पहुंचाएं।
45 सीटों पर एक साथ दांव
चंद्रशेखर की इस रणनीति को बहुजन समाज पार्टी के मॉडल से प्रेरित माना जा रहा है जहां प्रभारी ही प्रत्याशी होने की परंपरा रही है। प्रदेश भर में जारी सूची में शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, हाथरस और मथुरा समेत कई जिलों की सीटें शामिल हैं। शामली की थाना भवन सीट पर मो. राव, मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट पर चौधरी रंजनवीर, मेरठ की किठौर सीट पर बाबर चौहान, मेरठ कैंट पर संजीव पाल और मेरठ शहर पर बदर अली को मैदान में उतारा गया है। हापुड़ सीट पर वीरेंद्र शिरीष, हाथरस सीट पर आदित्य प्रकाश वर्मा और मथुरा की गोवर्धन सीट से दीपक चौधरी को प्रभारी घोषित किया गया है।
यह भी पढ़ें: महिला आयोग उपाध्यक्ष चारु चौधरी का गाज़ीपुर दौरा
संगठन मजबूत करने पर जोर
पार्टी ने नवनियुक्त प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। सामाजिक न्याय, संविधान और बहुजन हितों को जन-जन तक पहुंचाना इनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। पार्टी का यह कदम यह संकेत देता है कि चंद्रशेखर अब केवल आंदोलन तक सीमित नहीं रहना चाहते बल्कि चुनावी राजनीति में भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना उनका लक्ष्य है। 2027 के चुनाव से करीब दो साल पहले यह सूची जारी कर पार्टी ने जमीनी तैयारी का स्पष्ट संदेश दे दिया है।

