लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को सपा प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने भाजपा सरकार के 10 साल में PDA वर्ग — यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक — पर हुए कथित अत्याचारों की बुकलेट जारी की। उनका दावा है कि 85 प्रतिशत फर्जी एनकाउंटर में PDA वर्ग के लोग मारे गए। राहुल गांधी के बयान पर पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा — “यूपी में सपा सरकार बनी तो दिल्ली में भाजपा सरकार भी गिरेगी।”
बुकलेट में क्या है — चार बड़े मुद्दे
अखिलेश यादव द्वारा जारी इस बुकलेट में मुख्य रूप से चार मुद्दों को उठाया गया है। पहला मुद्दा — फर्जी एनकाउंटर जिनमें PDA वर्ग के लोगों को निशाना बनाने का आरोप है।दूसरा मुद्दा PDA के घरों पर चली बुलडोजर कार्रवाई का है। तीसरा पुलिस हिरासत में हुई मौतें यानी कस्टोडियल डेथ है। चौथा मुद्दा UP की जेलों में अंडर ट्रायल कैदियों का जातीय ब्यौरा है।। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े भाजपा सरकार की नाइंसाफी और पक्षपात की सच्चाई उजागर करते हैं। साथ ही उन्होंने 2020 हाथरस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि जो तस्वीर तब देखी थी वैसी ही स्थिति 2026 में भी दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़ें: UP में 57,694 गाँवों में बदली सत्ता
“फर्जी एनकाउंटर भाजपा की सियासी साजिश”
अखिलेश यादव ने कहा कि जब-जब भाजपा सरकार डगमगाने लगती है — तब-तब फर्जी एनकाउंटर कराए जाते हैं। उनके अनुसार यह भ्रष्टाचार छुपाने का एक तरीका है। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म देखकर एनकाउंटर कराए जाते हैं — जिससे प्रदेश का सामाजिक सौहार्द बिगड़ता है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी एनकाउंटर संविधान विरोधी और मानवाधिकारों की हत्या के समान है। उनका आरोप है कि इस सरकार में सरकारी स्तर पर एक पूरा अपराध तंत्र खड़ा किया गया है।
साथ ही उन्होंने कहा कि कस्टोडियल डेथ भी एक तरह का फर्जी एनकाउंटर है और इसमें UP सरकार नंबर एक पर है। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी एनकाउंटर को सही साबित करने के लिए कुछ भ्रष्ट वकील मनगढ़ंत किस्से बनाते हैं और फिर वही अधिकारियों और सरकार को ब्लैकमेल करते हैं। इसके अलावा फर्जी एनकाउंटर की वजह से प्रदेश में निवेश नहीं आता और पुलिस ने इसकी आड़ में व्यापारियों से पैसे वसूले हैं। उन्होंने जौनपुर के एक यादव पुजारी के कथित फर्जी एनकाउंटर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने संघर्ष करके उस पुजारी परिवार को न्याय दिलाया। दोषियों को जेल भिजवाया गया।
“जनता एक दिन चुनावी एनकाउंटर करेगी”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र का इतिहास गवाह है कि जो सरकारें एनकाउंटर कराती हैं — जनता एक दिन उनका चुनावी एनकाउंटर कर देती है। उन्होंने भरोसा जताया कि इतिहास एक बार फिर दोहराया जाएगा और भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि फर्जी एनकाउंटर से लॉ एंड ऑर्डर सुधरता नहीं बल्कि पुलिस में भ्रष्टाचार और बढ़ता है। एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने यह भी कहा कि महंगाई चरम पर है — डीजल-पेट्रोल की कीमत हर दिन बढ़ रही है और रुपया लगातार गिर रहा है।
यह भी पढ़ें: CM योगी ने प्रयागराज को दी ₹452 करोड़ की सौगात
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी निशाना
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिवक्ता गजेंद्र सिंह ने UP में फर्जी एनकाउंटर पर मानवाधिकार रिपोर्ट की विस्तृत जानकारी दी। गाजीपुर के सपा नेता सत्या यादव ने जेल में अपने साथ हुए अत्याचार का ब्योरा सुनाया। वहीं गाजीपुर के रमाशंकर राजभर ने राजभर समाज के युवाओं के फर्जी एनकाउंटर के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी निशाना साधा। इसके अलावा हरदोई के वीरेंद्र कुशवाहा ने अपनी बहन शिल्पी कुशवाहा की हत्या और परिवार पर हो रहे उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए न्याय की मांग की।
बिजली संकट और महंगाई पर भी BJP को घेरा
अखिलेश यादव ने बिजली संकट के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। भीषण गर्मी में अघोषित कटौती से जनता बेहाल है। 10 साल में बिजली क्षेत्र में कोई काम नहीं हुआ। केवल बिजली का बिल बढ़ाकर जनता से लूट की गई। उन्होंने कहा कि “आज प्रदेश में जो बिजली मिल रही है वह सपा सरकार में लगाए गए बिजलीघरों से आ रही है।” उनके अनुसार भाजपा “फेक एनकाउंटर” की तरह “फेक अर्थव्यवस्था” का भी प्रचार कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार — तीनों चरम पर हैं।
