मेरठ, 8 अगस्त। सावन माह की कांवड़ यात्रा के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ और मुजफ्फरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र में मंच से शुरू हुआ यह कार्यक्रम बाद में हेलीकॉप्टर के जरिए मुजफ्फरनगर के शिव चौक तक पहुंचा। इस दौरान दोनों स्थानों पर मौजूद शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा
जनपद मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र में दुल्हेड़ा पुलिस चौकी के पास बनाए गए मंच से मुख्यमंत्री ने बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों के बीच कांवड़ियों पर फूल बरसाए। इस मौके पर रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभा चुके और मेरठ से भाजपा सांसद अरुण गोविल तथा प्रदेश सरकार में मंत्री सोमेंद्र तोमर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने कांवड़ियों की सुविधाओं का पूरी श्रद्धा से ध्यान रखा है, उनका वे हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है और हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त अलग-अलग शिवालयों में जलाभिषेक के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार शिवरात्रि तक गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होकर जलाभिषेक करेंगे।
यह भी पढ़ें: मायावती ने सपा के पीडीए फॉर्मूले पर बोला हमला
मुजफ्फरनगर में भी बरसाए फूल
मेरठ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध शिव चौक पहुंचे, जहां हेलीकॉप्टर ने चौक के ऊपर कई चक्कर लगाते हुए नीचे मौजूद कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान वहां मौजूद शिवभक्तों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा नेताओं की भी मौजूदगी रही, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ के औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश आने वाले मार्गों पर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त इस यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, “प्रशासन ने उच्च स्तर की व्यवस्था की है और समाजसेवी संगठनों ने शिविर लगाकर कांवड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।”
सुरक्षा-व्यवस्था का लिया जायजा
मुजफ्फरनगर में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिले में कांवड़ श्रद्धालुओं के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासन और पुलिस की ओर से तैयार कांवड़ मार्गों का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही से जुड़े इंतजामों को परखा। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर तैनाती और आवाजाही से जुड़ी तैयारियों को देखा।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शिवभक्त कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट तथा थाना स्तर तक के पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूर-दराज से पैदल आ रहे शिवभक्त अपने इस समर्पण के जरिए आपसी भाईचारे और मेलजोल का संदेश समाज को दे रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की तरफ से सभी कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी देखभाल और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।



