गाज़ीपुर। श्रावण माह में कांवड़ यात्रा और रक्षाबंधन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने की तैयारी के तहत मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पीस कमेटी की बैठक बुलाई गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में डीजे संचालकों, जुलूस आयोजकों, धर्मगुरुओं और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावण माह को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें: शेरपुर में बाढ़ राहत चौपाल — SDM ध्रुव शुक्ल ने की तैयारियों की समीक्षा
डीजे और रूट पर कड़े नियम
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा केवल चिन्हित मार्गों से निकाली जाएगी। डीजे पर निर्धारित आवाज में केवल भक्ति गीत बजाए जाएंगे और डीजे की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए — उल्लंघन पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी।
संचालकों को शासन और न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का कड़ाई से पालन करने को कहा गया। आयोजकों की जिम्मेदारी तय की गई कि वे रूट पर वालंटियर तैनात रखें और आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और PWD अधिशासी अभियंता को संबंधित सड़कों पर आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। जुलूस मार्गों पर बिजली के लटके तारों को तत्काल ठीक कराने के आदेश दिए गए। खंड विकास अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था और गड्ढामुक्त सड़क सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर जोर
मुख्य चिकित्साधिकारी को कांवड़ मार्गों पर निश्चित स्थानों पर एम्बुलेंस तैनात रखने के आदेश दिए गए। जनपद के सभी शिवालयों में साफ-सफाई और जल की व्यवस्था के लिए ग्राम प्रधानों और नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया। घाटों पर साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, बेरिकेटिंग, नावों और गोताखोरों की व्यवस्था पहले से तैयार रखने को कहा गया।
दुकानदारों को खाने-पीने की वस्तुओं की रेट सूची दुकान पर लगाने के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने कांवड़ियों से अपील की कि घाटों पर बच्चों को साथ न ले जाएं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सभी थानाध्यक्षों को क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों से समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर SP कार्यालय में जल शपथ कार्यक्रम — अधिकारियों ने ली जल संरक्षण की शपथ
अफवाहों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक या निराधार खबर पोस्ट करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों पर संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। शांति भंग करने का प्रयास करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सभी पर्व और त्योहार उत्साह, एकता और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक शहरी राकेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, थानाध्यक्ष, ईओ नगर पालिका/नगर पंचायत, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, डीजे संचालक और जनपद के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

