मुहम्मदाबाद (गाज़ीपुर)। भांवरकोल के शिक्षकों ने शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह के खिलाफ उपजिलाधिकारी ध्रुव शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों का आरोप है कि BEO न केवल उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं बल्कि धन उगाही भी करते हैं। 28 जुलाई को BRC परिसर में धरने की चेतावनी दी गई है जबकि BEO ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर में बहू-बेटी सम्मेलन — महिला पुलिस लगाएगी चौपाल, दहेज और साइबर क्राइम पर चर्चा
वेतन रोकने और उगाही के आरोप
ज्ञापन में शिक्षकों ने आरोप लगाया कि BEO उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और डरा-धमकाकर धन वसूलते हैं। आकस्मिक अवकाश (CL) निरस्त कर शिक्षकों को अनुपस्थित दर्ज किया जाता है जिससे उनका वेतन या मानदेय रोक दिया जाता है। मेडिकल अवकाश की संस्तुति के लिए भी धन की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिक्षकों ने यह भी कहा कि विद्यालय खुले होने के बावजूद उन्हें बंद दर्शाकर वेतन बाधित किया जाता है। इस संबंध में करीब 200 शिक्षकों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र पहले ही जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपे जा चुके हैं लेकिन अब तक न जांच हुई और न ही कोई कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें: DM अनुपम शुक्ला की राजस्व बैठक — पुराने मामले जल्द निपटाने के निर्देश
28 जुलाई को धरने की चेतावनी
विकास खंड भांवरकोल के सभी शिक्षक संगठनों ने निर्णय लिया है कि यदि उच्चाधिकारियों ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया तो 28 जुलाई को BRC परिसर में धरना दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में राजेश सिंह यादव, प्रहलाद सिंह यादव, संजय कुमार राय, अशोक कुमार राय, राकेश राय, अंबिका राम, सुशील राय, उमेश राय, संजीव पांडेय और अरुण कुमार राय सहित कई अन्य शिक्षक शामिल रहे।
SDM ध्रुव शुक्ला ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतें उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी और समाधान का प्रयास किया जाएगा।
BEO रविंद्र सिंह ने शिक्षकों के सभी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने कहा कि कुछ शिक्षक उनके द्वारा की जा रही कार्यों की जांच और निरीक्षण से बचने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

