📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में 5 लाख 27 हजार पौधे रोपित करने के लक्ष्य के साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य कार्यक्रम राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), परिवहन विभाग दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में एसएसबीएल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ। इस दौरान प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया।
पर्यावरण संरक्षण पर प्रभारी मंत्री का जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जलवायु संतुलन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिक से अधिक वृक्षारोपण से ही पर्यावरण सुरक्षित एवं संरक्षित रह सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों एवं नदियों को पूज्यनीय माना गया है, जिसका उद्देश्य प्रकृति एवं पर्यावरण का संरक्षण करना है। उन्होंने सभी लोगों से एक पेड़ मां के नाम लगाने एवं उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रकृति के साथ अनावश्यक हस्तक्षेप पर्यावरणीय असंतुलन का कारण बनता है। भारत की संस्कृति सदियों से पर्यावरण संरक्षण की रही है और हमें इस परंपरा को और मजबूत बनाना होगा।
यह भी पढ़ें: DM मधुसूदन हुल्गी ने की CM डैशबोर्ड और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

विकास और पर्यावरण को साथ लेकर चलने पर बल
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी और स्थायी उपाय है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद मुख्यालय में लंबे समय से पार्किंग की समस्या बनी हुई थी, जिसका समाधान राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों से संभव हो सका। उनकी पहल पर पुराने बस अड्डे की भूमि पार्किंग एवं अन्य जनसुविधाओं के विकास हेतु उपलब्ध कराई गई, जहां वर्तमान में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं पार्किंग स्थल का निर्माण कराया गया है। विधायक ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है।
आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण जरूरी
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी कासरला राजू ने वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता पर बल दिया। एसएसबीएल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय मणि त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम को संबोधित किया।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान — 7.06 लाख पौधों का लक्ष्य
अतिथियों ने किया पौधारोपण, NCC कैडेट्स ने दी सलामी
इससे पूर्व प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने मार्च पास्ट एवं सलामी देकर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, प्रदेश सह-संयोजक प्रवासी प्रकोष्ठ डॉ. जितेंद्र प्रताप राव, अंबिकेश पांडेय, अंकुर राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, एनसीसी कैडेट, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मेडिकल कॉलेज में रक्तदान और वृक्षारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज, देवरिया में रक्तदान शिविर एवं वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में काली प्रसाद एवं सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक किया। इस वर्ष की थीम “एक पेड़ माँ के नाम” के अनुरूप परिसर में उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशी प्रजातियों के 54 फलदार पौधे रोपित किए गए।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रजनी ने संस्थान की सामुदायिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्रा ने रक्तदान शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सभी रक्तदाताओं का आभार जताया। शिविर का आयोजन मेडिकल कॉलेज रक्त बैंक के सहयोग से हुआ, जिसमें रक्त बैंक प्रभारी डॉ. रणधीर सिंह की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में डॉ. शुभम पाण्डेय एवं डॉ. प्रियंका राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि डॉ. सोनू कुमार, डॉ. शालिनी गुप्ता, डॉ. सौरभ द्विवेदी एवं डॉ. ज़फर अनीस सहित अन्य संकाय सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर में 70 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा।

