📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। जिले की पुलिस ने बुधवार 10 जून 2026 को एक ही दिन में दो अलग-अलग चोरी के मामलों का पर्दाफाश करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की। पहले मामले में तरकुलवा पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम ने शोरूम से चोरी की गई पांच नई मोटरसाइकिलें बरामद कर चार आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में कोतवाली पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम ने कई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में दोनों कार्रवाइयों की जानकारी दी।
शोरूम से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद
तरकुलवा थाना क्षेत्र के गणेश ऑटो सेल्स शोरूम से 3 और 4 जून की रात अज्ञात चोरों ने पीछे का ताला तोड़कर पांच नई मोटरसाइकिलें और नकदी चोरी कर ली थी। शोरूम संचालक दीपक विश्वकर्मा ने 4 जून को थाने में तहरीर दर्ज कराई और मुकदमा संख्या 169/2026 दर्ज हुआ। इसके बाद पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस टीम ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
यह भी पढ़ें: देवरिया में DM मधुसूदन हुल्गी का औचक निरीक्षण
9/10 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि सिरवनिया धूस जंगल की ओर से एक युवक संदिग्ध तरीके से आ रहा है। SP अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में टीम ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान विमल कुमार पांडेय (19 वर्ष) पुत्र आशाराम पांडेय निवासी चिर्रीपुर थाना सिरसिया जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई। उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई जो शोरूम से चोरी की गई थी।

पूछताछ में विमल ने अपने साथियों का नाम बताया। निशानदेही पर पुलिस ने कृष्णानंद तिवारी (18 वर्ष) पुत्र संजीव तिवारी निवासी सिरवनिया, आकाश कुमार (19 वर्ष) पुत्र शशि कुमार निवासी सिरवनिया और भोला (22 वर्ष) पुत्र रामरन निवासी चिर्रीपुर थाना सिरसिया जनपद श्रावस्ती को भी गिरफ्तार कर लिया। एक बाल अपचारी भी इस गिरोह का हिस्सा था। जंगल में छिपाई गई चार अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। बरामद सभी वाहन बजाज पल्सर श्रृंखला की नई मोटरसाइकिलें थीं जिनके चेसिस नंबर का मिलान कर उनकी पुष्टि की गई। आरोपियों की योजना थी कि कुछ दिनों बाद इन्हें दूसरे जिलों में बेच दिया जाए लेकिन पुलिस ने पहले ही पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया।
आभूषण चोरी गिरोह का भी पर्दाफाश
इसी दिन कोतवाली पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम ने SP अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, ASP (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय और CO सिटी संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में मालगोदाम के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप गुप्ता उर्फ बुलबुल गुप्ता (20 वर्ष) पुत्र बबलू गुप्ता, अंकित गुप्ता (18 वर्ष) पुत्र संजय कुमार गुप्ता और पूनम गुप्ता (40 वर्ष) पत्नी संजय कुमार गुप्ता — तीनों राघवनगर निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के 10 कंगन, 3 हार, 5 झुमके, 2 माथ टीका, 2 नथिया, 3 अंगूठियां, 1 चेन और चांदी की 2 पाजेब, 10 पायल, 12 बिछिया समेत बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने 6-7 जून की रात भुजौली कॉलोनी के एक बंद मकान, बरारी उर्फ मछरीगांव और सोंदा गांव में चोरी की वारदातें स्वीकार कीं। इसके अलावा मदनपुर थाना क्षेत्र के भिटहा, भलुअनी थाना क्षेत्र के कईया और महुआडीह थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में भी चोरी की बात सामने आई।
इन गिरफ्तारियों से थाना कोतवाली के मुकदमा संख्या 370/2026, 334/2026 तथा थाना रामपुर कारखाना के मुकदमा संख्या 122/2026 सहित कई मामलों का खुलासा हुआ। उल्लेखनीय है कि संदीप गुप्ता के खिलाफ पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है जबकि अंकित गुप्ता के खिलाफ 5 पूर्व मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
SP अभिजीत आर. शंकर ने दोनों कार्रवाइयों की सराहना करते हुए मोटरसाइकिल चोरी मामले में सफलता दिलाने वाली टीम को दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बाल अपचारी के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


