📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार 10 जून 2026 को जनपद में एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण करने के साथ ही उन्होंने ग्राम करौदी में टीकाकरण सत्र की भी समीक्षा की। वहीं राज्य कर विभाग ने रुद्रपुर ब्लॉक में व्यापारियों के लिए GST संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें कर संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने तीनों कार्यक्रमों में अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्माण परियोजनाओं में लापरवाही पर नाराजगी
जिलाधिकारी ने जनपद में निर्माणाधीन दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सबसे पहले परसिया मिश्र स्थित निर्माणाधीन जीएसटी कार्यालय एवं आवासीय भवन परियोजना का निरीक्षण किया। सितंबर 2025 में प्रारंभ हुई इस परियोजना की कुल लागत 20.09 करोड़ रुपये है जिसमें 8.58 करोड़ रुपये कार्यालय भवन और 11.51 करोड़ रुपये आवासीय भवन के लिए निर्धारित हैं। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। यहां भी कार्यों में अपेक्षित गति न मिलने पर उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर में ट्रैफिक बूथ नहीं — 41 डिग्री गर्मी में यातायात कर्मी
इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, डुमवलिया की परियोजना का निरीक्षण किया। फरवरी 2026 में प्रारंभ हुई 24.78 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जनहित की परियोजनाओं में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्थाओं CNDS और CIDCO के अभियंता, DSTO अंगद यादव, ADSTO आनंद चौरसिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम करौदी में टीकाकरण सत्र की समीक्षा
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने ग्राम करौदी में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) के अंतर्गत आयोजित टीकाकरण सत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान टीकाकरण कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित स्वास्थ्य कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रत्येक पात्र बच्चे और महिला को समय पर टीकाकरण की सुविधा मिलनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
यह भी पढ़ें: CM योगी ने की EOW की समीक्षा
व्यापारियों को दी GST की जानकारी
इसी दिन रुद्रपुर ब्लॉक सभागार में राज्य कर मुख्यालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर खंड स्तरीय व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों की कर संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान, विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूकता और राजस्व संवर्धन था।
उपायुक्त राज्य कर खंड-एक देवरिया विवेक कुमार मिश्रा तथा उपायुक्त राज्य कर खंड-दो देवरिया अमित कुमार सिंह ने GST पोर्टल की तकनीकी बारीकियां, पंजीयन के लाभ, ई-इनवॉयसिंग, रिटर्न फाइलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC), नियम-14A तथा GST 2.0 के नवीन प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त शैलेंद्र कुमार, राज्य कर अधिकारी सारिका श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। क्षेत्र के व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर अधिवक्ता तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।



