📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। उत्तर प्रदेश सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत महर्षि देवरहा बाबा ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज देवरिया में प्राचार्य डॉ. रजनी के नेतृत्व में रविवार 12 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया गया। पूरे दिन तीन चरणों में संपन्न इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और एमबीबीएस विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की। तीनों चरणों में कुल 5,000 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज की सांस्कृतिक समिति द्वारा किया गया जिसमें डॉ. प्रियंका राय, डॉ. शुभम पांडेय और डॉ. शालिनी गुप्ता की विशेष भूमिका रही।
यह भी पढ़ें: देवरिया में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बरियारपुर में किया पौधरोपण
तीन चरणों में 5,000 पौधे लगाए
कार्यक्रम का प्रथम चरण प्रातः 11 बजे शुरू हुआ। पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत प्राचार्य डॉ. रजनी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्रा ने किया। इस चरण में मेडिकल कॉलेज के समस्त फैकल्टी सदस्यों, सीनियर रेजिडेंट और जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से 1,000 पौधों का रोपण किया।
द्वितीय चरण दोपहर 2 बजे आयोजित हुआ जिसमें जिला अध्यक्ष काली प्रसाद मुख्य अतिथि रहे। कॉलेज के समस्त आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने 1,500 पौधों का रोपण किया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
तृतीय और अंतिम चरण में सांसद डॉ. शशांक मणि त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्राचार्य और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के साथ पौधरोपण कर अभियान का उत्साहवर्धन किया। एमबीबीएस विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ 2,500 पौधों का रोपण किया। इस तरह दिनभर चले तीनों चरणों में कुल 5,000 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण हुआ।
यह भी पढ़ें: SP अभिजीत आर. शंकर ने पुलिस लाइन में किया पौधरोपण
पौधे को माँ के समान देखभाल करें
समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. रजनी ने सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेंगे बल्कि प्रत्येक पौधे की अपनी माँ के समान प्रेम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ देखभाल करेंगे ताकि ये पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को साकार कर सकें।
अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सरकारी अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल का आह्वान किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और तीनों चरणों के प्रभावी संचालन में डॉ. प्रियंका राय, डॉ. शुभम पांडेय और डॉ. शालिनी गुप्ता की विशेष भूमिका रही। समिति के उत्कृष्ट समन्वय और सुव्यवस्थित प्रबंधन से यह वृहद वृक्षारोपण महाअभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



