गाज़ीपुर। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार 12 जुलाई को वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का मुख्य कार्यक्रम हनुमान मंदिर शेखपुर, विकास खंड विरनो में धूमधाम से आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर और मंडलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जनपद में आज 47 लाख 68 हजार 730 पौधों का रोपण 27 विभागों और जनसहभागिता के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी नमामी गंगे बृजेश श्रीवास्तव ने किया। पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए रणधीर यादव को किया गया सम्मानित।
यह भी पढ़ें: देवरिया मेडिकल कॉलेज में एक पेड़ माँ के नाम — 5,000 पौधे लगाए
ओपी राजभर ने किया पौधरोपण
मुख्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, विधायक जखनिया बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने विधि विधान और मंत्रोचारण के साथ पौधरोपण किया। कार्यक्रम स्थल पर लगभग 200 पौधे लगाए गए। गायक राकेश कुमार ने “आओ धरती सजाएं आसमान के लिए, एक पेड़ तुम लगाओ अपनी माँ के लिए” की प्रस्तुति दी।
मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि 5 जून को प्रदेशभर में अभियान चलाकर 5 करोड़ पौधे रोपित किए जा चुके हैं। रविवार 12 जुलाई को प्रदेश के 75 जनपदों में 35 करोड़ पौधों का रोपण ग्राम स्तर से लेकर जनपद स्तर तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में एक्सप्रेसवे, सड़क और रेललाइन बनाने में जितने पेड़ कटे उन्हीं स्थानों पर पुनः पेड़ लगाए जा रहे हैं ताकि 20-25 वर्ष पहले जैसी बरसात फिर से हो सके।
उन्होंने चेरापूंजी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सबसे अधिक वर्षा होती है क्योंकि वहां अधिक वन हैं। उन्होंने कहा — “पेड़ लगाइए और 2-3 वर्षों में स्वयं फल खाइए।” इस बार पेड़ लगाने के बाद उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
47 लाख से पौधे का लक्ष्य
प्रभागीय निदेशक सामाजिकी वानिकी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद गाज़ीपुर में वन विभाग द्वारा 19 लाख 29 हजार और अन्य विभागों द्वारा 28 लाख 39 हजार 730 मिलाकर कुल 47 लाख 68 हजार 730 पौधों का रोपण 27 विभागों और जनसहभागिता के माध्यम से किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम जनपद स्तर के अलावा समस्त तहसीलों, विकास खंड मुख्यालयों और ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित हुआ।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने अनुरोध किया कि प्रत्येक परिवार अपने आस-पास “एक पेड़ माँ के नाम” अनिवार्य रूप से लगाए। उन्होंने अधिक से अधिक औषधीय वृक्ष लगाने की भी अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि अन्य प्रदेशों की तुलना में उत्तर प्रदेश में वृक्षों का अनुपात कम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है कि उत्तर प्रदेश को हरा-भरा प्रदेश बनाया जाए।
नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण में बदलाव के कारण कहीं बाढ़ का प्रकोप है तो कहीं सूखा। पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए वृक्षारोपण अति आवश्यक है।
यह भी पढ़ें: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देवरिया में किया पौधरोपण अभियान
नदी किनारे भी पौधरोपण का आह्वान
विधायक जखनिया बेदी राम ने कहा कि गाज़ीपुर नदियों से घिरा जनपद है। नदियों के दोनों किनारों पर भी वृहद वृक्षारोपण किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल माँ के नाम नहीं बल्कि पूरे परिवार के एक-एक सदस्य के नाम पेड़ लगाएं और उन्हें बेटे-बेटी की तरह पालें।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपजिलाधिकारी सदर डॉ. पुष्पेंद्र पटेल, एसपी सिटी राकेश मिश्रा, डीसी मनरेगा विजय यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह और बेसिक शिक्षाधिकारी उपासना रानी वर्मा सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के अलावा NCC, भारत स्काउट गाइड और NSS के सदस्यों ने भी पौधरोपण में भाग लिया।
पर्यावरण संरक्षण में विशेष योगदान के लिए रणधीर यादव को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।



