📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। जीआरपी थाना देवरिया ने गुरुवार को 8 घंटे के भीतर एक शातिर चोर को रेलवे स्टेशन देवरिया सदर के प्लेटफार्म नंबर 2 पर दबोच लिया। 36 वर्षीय पंकज मिश्रा, पुत्र स्व. रामप्रवेश मि., निवासी बौरडीह, थाना रुद्रपुर, जिला देवरिया, चोरी की एक पीली धातु का लाकेट बेचने स्टेशन पर आया था और पुलिस की नजर पड़ते ही पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक पीली धातु का लाकेट और ₹6,900 नगद समेत कुल अनुमानित ₹41,900 की संपत्ति बरामद हुई।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में ₹995 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास — सीएम ने कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना
लाकेट बेचने आया लगी हथकड़ी
पकड़े जाने के बाद पंकज मिश्रा ने पूछताछ में बताया कि वह अपना खर्च चलाने के लिए चलती ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर सो रहे यात्रियों के आभूषण और सामान चुराता था। चोरी का माल चलते-फिरते लोगों को बेच देता था और उससे मिले पैसों से अपना शौक पूरा करता था।
उसने बताया कि गुरुवार को वह चोरी का लाकेट बेचने के इरादे से देवरिया रेलवे स्टेशन पर आया था तभी पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। बरामद ₹2,000 नगद का संबंध जीआरपी थाना बलिया से है, ₹4,900 नगद का संबंध जीआरपी थाना मऊ से है और पीली धातु का लाकेट जीआरपी थाना देवरिया के एक मामले से सम्बन्धित है।
3 जिलों में पहले से दर्ज हैं मामले
पूछताछ में यह भी सामने आया कि पंकज मिश्रा केवल देवरिया तक सीमित नहीं था। बलिया, मऊ और देवरिया तीनों जनपदों की जीआरपी में उसके खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी अभी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार पंकज मिश्रा एक संगठित तरीके से रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल कर कई जनपदों में वारदात करता था। अभियुक्त की गिरफ्तारी से इस क्षेत्र में चोरी जैसी आपराधिक घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: ट्रॉमा सेंटर निर्माण पर DM हुल्गी का सख्त रुख — कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई के निर्देश
8 घंटे में पकड़ा चोर
जीआरपी अनुभाग गोरखपुर के पुलिस उपाधीक्षक सवि रत्न गौतम के निकट पर्यवेक्षण में जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी और पुलिस महानिरीक्षक रेलवे रामकृष्ण भारद्वाज के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशनों, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उ.नि. राजीव सिंह और उनकी टीम ने गिरफ्तारी और बरामदगी की। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

