📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया, 25 अक्टूबर। भटनी जीआरपी की टीम ने भाटपार रानी रेलवे स्टेशन पर खड़ी मौर्य एक्सप्रेस से 48 पैकेट अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
चेकिंग के दौरान मिली शराब
रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण, अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 25 अक्टूबर 2026 को जीआरपी थाना भटनी की टीम भाटपार रानी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी ट्रेन संख्या 15028 मौर्य एक्सप्रेस की जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन में एक पिट्ठू बैग से अंग्रेजी शराब के 48 पैकेट बरामद हुए। जांच में शराब ब्लेंडर प्राइड ब्रांड की मिली। पुलिस ने सभी पैकेट कब्जे में लेकर बरामदगी के संबंध में आगे की कार्रवाई शुरू की।
8.64 लीटर शराब बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब ब्लेंडर प्राइड ब्रांड की पेट पैक बोतलों में थी। प्रत्येक पैकेट में 180 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह कुल 48 पैकेट में 8.64 लीटर शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में जीआरपी थाना भटनी के प्रभारी राजेश कुमार पांडेय, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार यादव और कांस्टेबल पंकज मिश्रा शामिल रहे। पुलिस ने शराब बरामदगी के मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

