गाज़ीपुर, 13 अगस्त। अंशुमान सिंह हत्याकांड में चार साल से फरार चल रहे शंकर पांडेय को अब कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। कोतवाली पुलिस ने फुल्लनपुर स्थित उसके मकान पर पहुंचकर वहां मौजूद टीवी, कूलर, कंप्यूटर सहित तमाम सामान कुर्क कर लिया। न्यायालय ने आरोपी के बार-बार अनुपस्थित रहने पर धारा 83 के तहत यह आदेश दिया था।
चार साल पुराना है मामला
मामला मार्च 2020 का है, जब फुल्लनपुर थाना क्षेत्र में शंकर पांडेय पुत्र राजशेखर पांडेय ने अन्य लोगों के साथ मिलकर अंशुमान सिंह की चाकू और कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। वादी विनोद सिंह पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम अतरौली थाना रेवतीपुर, हाल पता राय कॉलोनी शहर गाज़ीपुर की तहरीर पर कोतवाली में हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
हत्याकांड के बाद से शंकर पांडेय गांव में नजर नहीं आया और लगातार फरार बना रहा। न्यायालय में बार-बार तलब किए जाने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ, जिसके बाद कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करते हुए कुर्की का आदेश दिया।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर में एडीजी की समीक्षा बैठक, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मकान से सामान जब्त
कोर्ट के आदेश पर उपनिरीक्षक राम मिलन यादव पुलिस टीम के साथ फुल्लनपुर स्थित आरोपी के मकान पर पहुंचे। मौके पर आरोपी या उसके किसी परिजन के न मिलने पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मकान की वीडियोग्राफी कराई और अंदर मौजूद सामान की सूची तैयार की।
नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बक्सा, रंगीन टीवी, कूलर, टेबल, कंप्यूटर और रसोई का सामान कुर्क कर अपने कब्जे में ले लिया। घर के तीन कमरों के दरवाजे और खिड़कियों के पल्ले भी उतारकर जब्त किए गए।
मालखाने में जमा सामान
कुर्की के बाद सभी सामान को शहर कोतवाली के मालखाने में जमा कराकर सील कर दिया गया। पुलिस के अनुसार कुर्क किए गए सामान की अनुमानित कीमत हजारों रुपये आंकी गई है, जिसका पूरा ब्योरा मालखाने के रजिस्टर में दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि संपत्ति कुर्क होने के बाद भी आरोपी की तलाश जारी रहेगी। शंकर पांडेय की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

