📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में भाटपाररानी तहसील अंतर्गत बेलपार पंडित निवासी असहाय विधवा सोनी देवी की फरियाद सुनकर त्वरित कार्रवाई की। जिलाधिकारी ने अंत्योदय राशन कार्ड, निराश्रित महिला पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और आयुष्मान कार्ड दिलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। सोनी देवी के पति की मृत्यु 2021 में हो गई थी और वह अपनी बुजुर्ग सास के साथ रहती हैं। जनसुनवाई के दौरान ही थाना सुरौली अंतर्गत ग्राम विशुनपुरा निवासी दिव्यांग रविंद्र यादव को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें: DM मधुसूदन हुल्गी ने BEO को दिए कड़े निर्देश — शतप्रतिशत उपस्थिति न हो तो रुकेगा वेतन
दिलाया योजनाओं का लाभ
जनता दर्शन में भाटपाररानी तहसील के बेलपार पंडित निवासी सोनी देवी अपनी पुत्री के साथ जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के समक्ष फरियाद लेकर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पति की मृत्यु 2021 में हो जाने के बाद जीवनयापन का कोई सहारा नहीं है और वह अपनी बुजुर्ग सास के साथ रह रही हैं। उन्होंने अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने उनकी बात सुनने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल अंत्योदय राशन कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए। प्रोबेशन विभाग को निराश्रित महिला पेंशन और सोनी देवी की पुत्री को कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिलाने के आदेश दिए। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए गए।
पुत्री मानसी को पढ़ाने की दी प्रेरणा
सोनी देवी की असहाय स्थिति देखकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी भावुक हो गए। उन्होंने पूछा कि इसके अतिरिक्त और क्या सहायता की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने सोनी देवी के साथ आई उनकी पुत्री मानसी को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्ची को पढ़ाएं और उसका भविष्य संवारें।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनसुनवाई में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सभी अधिकारी गंभीरता से सुनें और उनका वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। यह भी प्रयास करें कि फरियादी निस्तारण से पूर्णतः संतुष्ट रहें।
यह भी पढ़ें: DM मधुसूदन हुल्गी ने सोंदा में पकड़ी स्टांप चोरी — मुकदमा दर्ज के निर्देश
दिव्यांग को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल
जनसुनवाई के दौरान ही थाना सुरौली अंतर्गत ग्राम विशुनपुरा निवासी दिव्यांग रविंद्र यादव ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को रविंद्र यादव को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी लगातार जनता दर्शन में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिला रहे हैं।



