📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जून 2026 की रैंकिंग में देवरिया जनपद प्रदेश में 42वें स्थान पर रहा। इस पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने विकास भवन स्थित गांधी सभागार में समीक्षा बैठक बुलाकर खराब प्रदर्शन करने वाले सात विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: DM मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में असहाय महिला को दिलाई योजनाओं की सौगात
देवरिया 42वें स्थान पर
CDO ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों और विभागीय योजनाओं की प्रगति को मापने का माध्यम है। जून 2026 की रैंकिंग में देवरिया का 42वां स्थान किसी भी दृष्टि से ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिन विभागों का प्रदर्शन कमजोर रहा है वे तत्काल सुधार की दिशा में काम शुरू करें। सभी विभाग लंबित कार्यों को तय समय में पूरा करें और अगले माह की रैंकिंग में जनपद को बेहतर स्थान दिलाएं। प्रदर्शन में सुधार न होने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सात अधिकारियों को नोटिस
समीक्षा बैठक में सात विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जननी सुरक्षा योजना में खराब प्रदर्शन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नोटिस जारी किया गया। ICDS पोषण अभियान में कमजोर प्रगति पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को नोटिस दिया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को नोटिस थमाया गया।
सेतुओं के निर्माण की धीमी प्रगति पर उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम को नोटिस दिया गया। नई सड़कों के निर्माण में पिछड़ने पर अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग को नोटिस जारी हुआ। राज्य योजना में अपेक्षित प्रगति न होने पर पर्यटन सूचना अधिकारी को नोटिस दिया गया। पांचवें राज्य वित्त आयोग से जुड़े कार्यों में खराब प्रदर्शन पर जिला पंचायत राज अधिकारी को नोटिस थमाया गया।
यह भी पढ़ें: DM मधुसूदन हुल्गी ने BEO को दिए कड़े निर्देश — वेतन रोकने की चेतावनी
पोर्टल फीडिंग सुधार के निर्देश
CDO ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने विभागों की योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल पर सूचनाओं का निरंतर सत्यापन करते रहें।
उन्होंने कहा कि पोर्टल पर सही एवं समयबद्ध आंकड़ों की फीडिंग विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
CDO ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित कार्यों का निस्तारण करें। अगले माह की रैंकिंग में जनपद की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



