📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। भूमि विकास बैंक के पूर्व सभापति संतराज यादव ने मंगलवार को विकास भवन के गांधी सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की तस्वीर बदली है। इन वर्षों में शोषित, वंचित और असहाय वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया गया है।
संतराज यादव ने कहा कि यह 12 वर्षों का कार्यकाल केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर, हर घर तक शौचालय और बिजली पहुंचाने तथा गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने जैसे कार्यों का उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें: भांवरकोल में DM की अध्यक्षता में SHG कार्यशाला
राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख उपलब्धियां
संतराज यादव ने प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जनधन योजना के तहत देशभर में 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए। कोरोना महामारी के कठिन दौर से अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन मिल रहा है। 60 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए। 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान, 11 करोड़ महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन और 16 करोड़ से अधिक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया।
उन्होंने आगे कहा कि 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ। तकनीक और डिजिटल गवर्नेंस के जरिए सीधे बैंक खातों में धनराशि भेजकर ₹4.31 लाख करोड़ गलत हाथों में जाने से रोके गए। करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए। लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि और मुद्रा योजना के माध्यम से करोड़ों लाभार्थियों को ऋण और आर्थिक सहायता दी गई। 1 करोड़ घरों की छतों पर सोलर सिस्टम भी स्थापित किए गए।
जनपद स्तर की उपलब्धियां
प्रेस वार्ता में देवरिया जनपद स्तर की उपलब्धियों के भी आंकड़े रखे गए। वर्ष 2014 से अब तक जनपद में 7,74,334 आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड बनाए गए। जननी सुरक्षा योजना के तहत 5,46,509 लाभार्थियों को ₹74.32 करोड़ की सहायता दी गई। 570 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण ₹42.34 करोड़ की लागत से हुआ। शिक्षा विभाग के माध्यम से 10,12,329 छात्रों को DBT के जरिए ₹117.26 करोड़ हस्तांतरित किए गए।
राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 1,07,506 लाभार्थियों को ₹118.26 करोड़ और निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत 63,702 महिलाओं को सहायता मिली। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 22,448 आवास तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2,093 आवास बनाए गए। NRLM के तहत जनपद में 17,062 स्वयं सहायता समूहों का गठन हुआ। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 4,20,695 व्यक्तिगत शौचालय, 1,074 सामुदायिक शौचालय और 613 पंचायत भवन बनाए गए।
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क किया ध्वस्त
स्वास्थ्य सेवाएं और उपस्थित पदाधिकारी
स्वास्थ्य क्षेत्र में महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में 30 बेडेड ट्रॉमा सेंटर, 20 बेडेड बर्न वार्ड और 20 बेडेड टॉक्सीकोलॉजी ब्लॉक का निर्माण कराया जा रहा है। सलेमपुर अग्निशमन केंद्र, नवीन पुलिस थानों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण भी किया गया है।
प्रेस वार्ता में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, BJP जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, अजय दुबे, अंबिकेश पांडेय, प्रभाकर तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

