गाज़ीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला मंगलवार को विकास खंड भांवरकोल पहुंचे और दीनदयाल अंत्योदय योजना-NRLM के तहत आयोजित स्वयं सहायता समूह कार्यशाला की अध्यक्षता की। यह आयोजन केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान’ की थीम पर जिले के सभी विकास खंडों में चल रहे तीन दिवसीय जनजागरूकता एवं प्रदर्शनी अभियान का अंतिम दिन था। डीएम खुद समूह की महिलाओं के बीच पहुंचे और उनके हुनर, आत्मविश्वास व स्वरोजगार के प्रयासों को करीब से जाना। कार्यक्रम में संवाद, प्रदर्शनी, स्वास्थ्य शिविर और वृक्षारोपण सहित कई गतिविधियां आयोजित हुईं।
यह भी पढ़ें: विनीत राय हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार
महिलाओं से संवाद, गुणवत्ता पर जोर
जिलाधिकारी ने समूह की महिलाओं से सीधे बातचीत कर उनके कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वे हैंडवॉश, फिनाइल, हार्पिक जैसे घरेलू उत्पादों का निर्माण, कॉस्मेटिक सामग्री की बिक्री और कृषि कार्यों के जरिए आजीविका से जुड़ी हैं। डीएम ने महिलाओं की मेहनत और उद्यमशीलता की प्रशंसा की।
महिलाओं को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा, “प्रोडक्ट की क्वालिटी में किसी भी प्रकार का समझौता न करें। ऐसे उत्पाद तैयार करें जिनकी बाजार में अधिक मांग हो। जरूरत पड़ने पर प्रशिक्षण और सर्टिफिकेशन की भी व्यवस्था कराई जाएगी।” उन्होंने BMM और DMM को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। महिलाओं को स्वरोजगार, बैंक ऋण, वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
प्रदर्शनी, स्वास्थ्य शिविर और अन्नप्राशन
ब्लॉक परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई गई। जिलाधिकारी और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने सहभागिता की।
यह भी पढ़ें: CM योगी बोले — माफिया सफाया मेरा प्रिय विषय
वृक्षारोपण और उपस्थित अधिकारी
कार्यक्रम से पहले जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय ने परिसर में वृक्षारोपण किया और लोगों से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, एलडीएम, उपायुक्त स्वतः रोजगार, खंड विकास अधिकारी भांवरकोल, संबंधित विभागों के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

