📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। तहसील बरहज में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समाधान दिवस में कुल 151 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने समाधान दिवस में अनुपस्थित पाए जाने पर अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी), अधिशासी अभियंता नलकूप तथा क्षेत्रीय विपणन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को हिदायत दी कि समय से उपस्थित रहें और प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।
यह भी पढ़ें: DM हुल्गी सख्त — पशु चिकित्सकों को नोटिस, वेतन रोकने की चेतावनी
राजस्व एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जांच
जिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) सत्रों तथा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को चेकलिस्ट के साथ भेजते हुए सायं तक आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में उन्होंने लेखपालों और कानूनगो को कार्यों में सुधार लाने की हिदायत दी, अन्यथा प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने की चेतावनी दी। उन्होंने अविवादित वरासत के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया तथा धारा 24 एवं धारा 116 के पुराने प्रकरणों की विशेष समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसमस्याओं का मौके पर निस्तारण
समाधान दिवस में ग्राम खुदिया बुजुर्ग निवासी रामदुलारे सिंह ने पोखरी पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित पत्रावली तलब कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बरहज निवासी जगदीश प्रसाद जायसवाल की विद्युत समस्या के निस्तारण के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया। ग्राम खोरी निवासी असमीना खातून ने पति-पत्नी दोनों के दिव्यांग होने एवं आर्थिक तंगी की समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: जनता दर्शन में लापरवाही पर BDO पथरदेवा को नकारात्मक प्रविष्टि के निर्देश
मौके पर बने तीन राशन कार्ड
समाधान दिवस में जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड मौके पर ही बनाए गए। ग्राम बड़कागांव निवासी मनीषा देवी, बेलडार निवासी ब्यूटी सिंह तथा ग्राम खोरी निवासी असमीना खातून को तत्काल राशन कार्ड उपलब्ध कराए गए। लाभार्थियों ने इसके लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
शिकायतों का विभागवार ब्योरा
प्राप्त 151 शिकायतों में सर्वाधिक 76 प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जिनमें से 21 का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के 20, विकास विभाग के 8, खाद्य एवं रसद विभाग के 7 (जिनमें 6 का निस्तारण हुआ), समाज कल्याण विभाग के 3 तथा अन्य विभागों के 37 प्रकरण प्राप्त हुए। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने की और थाना प्रभारियों को राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके गुप्ता, उप जिलाधिकारी बरहज हरिशंकर लाल, डीएसओ संजय कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


