📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ शिव मंदिर में शनिवार को चढ़ावे के बंटवारे और वर्चस्व को लेकर दो पुजारी पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ जिसमें कुछ लोग एक बुजुर्ग पुजारी को लाठी-डंडों से पीटते दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
महेन स्थित यह प्राचीन मंदिर जिले और आसपास के क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर की देखरेख और चढ़ावे की व्यवस्था लंबे समय से गोसाईं परिवार के सदस्य करते आ रहे हैं। पिछले करीब 15 दिनों से दानपेटी और चढ़ावे के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था।
यह भी पढ़ें: देवरिया में DM ने मेडिकल कॉलेज परियोजनाओं की समीक्षा की
चढ़ावे के बंटवारे को लेकर 15 दिन से चल रहा था विवाद
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र राय ने बताया कि मंदिर में दो पुजारी गुट हैं जिनके पूजा-पाठ के अलग-अलग समय निर्धारित हैं। शनिवार को दूसरे पक्ष के पुजारी ने निर्धारित समय से इतर आकर दखलंदाजी शुरू कर दी जिससे दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस विवाद में एक पक्ष का नेतृत्व वशिष्ठ गिरी और दूसरे का त्रिपुरारी गिरी कर रहे हैं। वायरल वीडियो में वशिष्ठ गिरी पक्ष के कुछ लोग त्रिपुरारी गिरी को लाठी-डंडों से पीटते दिख रहे हैं। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के बुजुर्ग पुजारी पर हमला किया जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति नियंत्रित हुई। इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए। घायलों का उपचार महेन स्वास्थ्य केंद्र पर किया गया।
6 गिरफ्तार, दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद दोनों पक्षों ने मदनपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष मदनपुर नंदा प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। विधिक कार्रवाई जारी है।
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र राय ने बताया कि फिलहाल मंदिर क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें: चिल्लूपार में CM योगी ने दी 319 परियोजनाएं
श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र में विवाद
बाबा महेंद्रनाथ शिव मंदिर देवरिया जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। श्रावण मास और पुरुषोत्तम माह में यहां दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर हुई इस हिंसक घटना ने क्षेत्र के लोगों को आहत किया है। वायरल वीडियो में बुजुर्ग पुजारी पर हो रहे हमले को देखकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।



