उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। ATS ने बाराबंकी के दानियाल अशरफ (23) और कुशीनगर के कृष्णा मिश्रा (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप है।
पाकिस्तान से था सीधा संपर्क
ATS की जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद के संपर्क में थे, जो ISI के इशारे पर काम कर रहे थे। आरोपियों के फोन से वीडियो कॉल, वॉइस नोट और ग्रुप कॉल के रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं।
संवेदनशील ठिकानों की रेकी
दोनों आरोपियों पर आरोप है कि वे पुलिस स्टेशन और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों की जानकारी अपने पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज रहे थे। एक आरोपी को वर्दीधारी पर हमला करने का टास्क दिया गया था। इसके अलावा पैसे और हथियार मांगने के भी सबूत मिले हैं।
सोशल मीडिया से बना रहे थे स्लीपर सेल
ATS के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को निशाना बनाकर स्लीपर सेल तैयार करने की साजिश में लगे थे। पाकिस्तानी हैंडलर्स उन्हें पैसे का लालच देकर देश की आंतरिक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम करा रहे थे।
पूछताछ जारी, अन्य साथियों की तलाश
फिलहाल दोनों आरोपियों से ATS पूछताछ कर रही है। इनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
