गाज़ीपुर। समाजवादी पार्टी गाज़ीपुर ने सरकारी भर्ती परीक्षाओं में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के आरक्षण में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की। पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, विधायक सुहैब अंसारी, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव और मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से रूबरू होते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश सरकार की 22 भर्ती परीक्षाओं में PDA वर्ग की 11,514 आरक्षित सीटों पर नियमानुसार नियुक्ति नहीं की गई। पार्टी नेताओं ने इस मौके पर PDA आरक्षण अनियमितता पर एक पुस्तिका भी जारी की जिसमें भर्तीवार आंकड़े प्रस्तुत किए गए।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर POCSO कोर्ट — आकाश गोड़ को 10 साल की सजा
भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता के दावे
सपा नेताओं ने पुस्तिका के हवाले से बताया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में PDA की 7,933 सीटें, UPSSSC कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती में 588, लेखपाल भर्ती में 960 और UPSSSC कनिष्ठ सहायक समेत अन्य भर्तियों में 300 सीटों पर आरक्षण का सही पालन नहीं हुआ। इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 232, UPSSSC कृषि प्राविधिक सहायक की दूसरी भर्ती में 434 और पशु चिकित्सक भर्ती में 81 सीटें भी इसी श्रेणी में बताई गईं।
पार्टी के आंकड़ों के अनुसार वन और वन्य जीव रक्षक भर्ती में 88, नेत्र परीक्षण अधिकारी में 47, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी में 55, चिकित्सा अधिकारी आयुर्वेद में 54, UPSSSC सहायक कोषागार लेखाकार में 58, UPSC आशुलिपिक में 37 और UPSSSC अधिशासी अधिकारी में 13 सीटों पर भी यही स्थिति रही। लखीमपुर कोआपरेटिव बैंक में 8, चिकित्सा अधिकारी होमियोपैथिक में 2, UPSSSC अमीन-नीलामकर्ता में 19, लिपिक सह टंकण में 9, सहायक चकबंदी अधिकारी में 10 और बांदा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में 5 सीटें शामिल हैं।
पिछड़ा वर्ग आयोग और हाईकोर्ट का संदर्भ
सपा नेताओं ने यह भी बताया कि पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी स्वीकार किया है कि भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षण का सही पालन नहीं हुआ। इसके अलावा इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भी निर्देश दिया है कि प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिया जाए। पार्टी नेताओं का कहना था कि इन दोनों संस्थाओं के संज्ञान के बावजूद अभी तक प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत नहीं मिली है। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA वर्ग को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मांग की कि सरकार इन भर्तियों की समीक्षा करे और आरक्षण नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करे।
यह भी पढ़ें: CM योगी बोले — भारत धर्मशाला नहीं, लव जिहाद पर चेतावनी
प्रेस वार्ता में उपस्थित नेता
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष निजामुद्दीन खां, छन्नू यादव, कन्हैयालाल विश्वकर्मा, दारा यादव और सुग्गु यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह पुस्तिका जिले भर में वितरित की जाएगी ताकि PDA वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया जा सके।

