गाज़ीपुर। जनपद की कानून-व्यवस्था को और पुख्ता बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक ईरज राजा की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जनपद के सभी सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों की प्रकृति, अपराधियों की गतिविधियों और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई।
यह भी पढ़ें: सावन-मोहर्रम को लेकर गाज़ीपुर प्रशासन अलर्ट
माफिया और महिला अपराध पर सख्ती
एसपी ईरज राजा ने बैठक में महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडा तत्वों और माफियाओं के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
थाना स्तर पर सतत निगरानी, सक्रिय पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई के जरिए जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का स्पष्ट संदेश दिया गया। एसपी ने जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस शिकायतों और पुलिस पेंशनरों से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
तकनीक का बेहतर उपयोग
सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर एसपी ने विशेष जोर दिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने और उन्हें एकीकृत प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए ताकि साक्ष्य संकलन और निगरानी और मजबूत हो सके। कंट्रोल रूम व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए गए।
ऑपरेशन दृष्टि और त्रिनेत्र अभियान की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसपी ने कहा कि तकनीकी साधनों का बेहतर उपयोग अपराध नियंत्रण में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
यह भी पढ़ें: BJP महामंत्री अरुण सिंह का गाज़ीपुर दौरा
नवनियुक्त आरक्षियों की सुविधाओं पर भी फोकस
बैठक के दौरान एसपी ने विभिन्न थानों पर तैनात नवनियुक्त आरक्षियों से भोजन, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जवानों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं ताकि वे बेहतर मनोबल के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



