गाज़ीपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर गाज़ीपुर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने पवहारी बाबा आश्रम में दर्शन-पूजन किया, विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रबुद्ध जनों से मुलाकात की। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने उनका स्वागत किया।
पवहारी आश्रम में दर्शन-पूजन
राष्ट्रीय महामंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत कुर्था स्थित पवहारी बाबा आश्रम में दर्शन-पूजन से की। उन्होंने संत पवहारी बाबा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। आश्रम परिसर में उन्होंने ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें: CM योगी का उन्नाव में विपक्ष पर निशाना
नगरपालिका गाज़ीपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, अभिनव सिन्हा, विनोद अग्रवाल, सभासद मीनू कुशवाहा और नगर मंत्री अजय कुशवाहा समेत कई पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। आश्रम में अरुण सिंह ने स्वच्छता अभियान में भी हिस्सा लेते हुए झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
प्रदर्शनी उद्घाटन और प्रबुद्ध जनसंपर्क
आश्रम दौरे के बाद राष्ट्रीय महामंत्री राइफल क्लब कचहरी परिसर पहुंचे जहां उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और उत्तर प्रदेश में संचालित विविध परियोजनाओं तथा विकसित उत्तर प्रदेश 2047 पर आधारित 3 दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। भीषण गर्मी के बावजूद अरुण सिंह ने एक-एक स्टॉल का निरीक्षण किया और हर विभाग की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी ली।
प्रबुद्ध जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत उन्होंने बड़ा महादेवा स्थित राजकीय सिटी इंटर कालेज में व्याख्याता भारती जी, डॉ. एमडी सिंह, डॉ. डीपी सिंह और डॉ. स्वतंत्र सिंह से भेंट की। इसके बाद विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के तहत प्रबुद्ध जनों की बैठक में भी शिरकत की।
विकास और सुशासन पर बोले राष्ट्रीय महामंत्री
पत्रकारों से बात करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार चल रही है जिससे विकास पारदर्शी ढंग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भयमुक्त और विकासशील सरकार है और अपने विकास व सुशासन के बल पर भाजपा एक बार फिर प्रदेश में बहुमत की सरकार बनाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि PM मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर विपक्षी सांसद खुद भाजपा में आ रहे हैं।
विकसित भारत सम्मेलन
नगर स्थित अग्रवाल पैलेस में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में अरुण सिंह ने PM मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को “स्वर्णिम अध्याय” बताया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां इन उपलब्धियों को पढ़ेंगी और समझेंगी कि भारत ने किस तरह विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निर्णायक कदम रखे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में 140 करोड़ देशवासियों ने नेतृत्व पर जो भरोसा जताया उसी का परिणाम था कि भारत ने समय रहते वैक्सीन तैयार कर करोड़ों लोगों की जान बचाई। PM मोदी को विश्व के अनेक देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने स्वागत भाषण में कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर सरकार की नीतियों को पहुंचाने का काम कर रहे हैं। सम्मेलन की अध्यक्षता श्रीनिवास सिंह कुशवाहा ने और संचालन जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया।
विशिष्ट जनों को किया सम्मानित
सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले अमरनाथ तिवारी, विनिता राय, डॉ. आर.पी. शर्मा, रणजीत सिंह एडवोकेट, सुनील कुशवाहा, अंजय अग्रवाल और गौरव गुप्ता को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ तथा रामायण, गीता सहित अन्य धार्मिक ग्रंथ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महामनीषियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् से हुआ।
यह भी पढ़ें: आरसेटी में मसाला निर्माण प्रशिक्षण शुरू
गंगा ब्रिज निरीक्षण
दौरे के दौरान अरुण सिंह ने गंगा नदी पर निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित रेल कम रोड ब्रिज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनपद के विकास और आवागमन की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगी और क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, पूर्व मंत्री विजय मिश्र, ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, कृष्ण बिहारी राय, मुख्य विकास अधिकारी, सूचना अधिकारी और समस्त विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।



