गाज़ीपुर। सावन, कांवड़ यात्रा और मोहर्रम के नजदीक आते ही जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक ईरज राजा की अध्यक्षता में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और विभागीय अधिकारियों की बैठक हुई। कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें: BJP महामंत्री अरुण सिंह का गाज़ीपुर दौरा
अराजक तत्वों पर होगी तत्काल कार्रवाई
डीएम और एसपी ने बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों की संवेदनशीलता को देखते हुए छोटी से छोटी घटना को भी नजरअंदाज न किया जाए। शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों की पहले से पहचान कर उनके खिलाफ समय रहते वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रा के मार्गों को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल, पिकेट ड्यूटी और नियमित गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश जारी हुए।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, डंडा और अन्य दंगा नियंत्रण उपकरण साथ रखने के सख्त निर्देश दिए गए। सभी पुलिस वाहनों में लाउड हेलर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय रखते हुए आमजन से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करने को कहा गया।
मोहर्रम पर विशेष सतर्कता
पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम को लेकर विशेष निर्देश दिए। सभी ताजियादारों को ताजिये की ऊंचाई 10 फीट से कम रखने के लिए जागरूक किया जाए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ताजिया मार्गों का निरीक्षण करने और पूर्व वर्षों में विवादित रहे स्थलों की विशेष समीक्षा करने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी संभावित विवाद को पहले ही रोका जा सके।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की उत्तेजना फैलाने वाली गतिविधियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई होगी। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
यह भी पढ़ें: उन्नाव दौरे पर CM योगी का विपक्ष पर कड़ा प्रहार
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
बैठक में सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों पर सतत निगरानी रखने के विशेष निर्देश जारी किए गए। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी पोस्ट को तत्काल उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। डिजिटल माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



