गाज़ीपुर। अराजी कुकड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले। युवक की मां ने हत्या का आरोप लगाया है जबकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच शुरू कर दी है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके बीच दो साल से प्रेम संबंध था जिसे परिवार की मंजूरी नहीं थी।
यह भी पढ़ें: निपुण संकल्प कार्यशाला में DM का संबोधन — मासिक टेस्ट हो, स्मार्ट क्लास सिर्फ औपचारिकता न बने
रात घर से निकले दोनों
ग्रामीणों के अनुसार दोनों के घर आपस में करीब 150 मीटर की दूरी पर हैं। बुधवार रात करीब 11 बजे युवक ने परिवार के साथ खाना खाया और मां के साथ सोने चला गया। रात में वह कब घर से निकल गया किसी को पता नहीं चला। गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे युवती के पिता युवक के घर पहुंचे और उसके बारे में पूछा। तब परिवार को पता चला कि वह भी घर में नहीं है।
दोनों परिवारों ने रिश्तेदारों और परिचितों को फोन कर तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कुछ घंटे बाद ग्रामीणों ने नदी किनारे दोनों के शव देखे जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
दो साल से था प्रेम संबंध
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों एक ही समुदाय से थे और उनके बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों अक्सर मोबाइल पर बात करते थे। दोनों के परिवार आपस में जानते थे और पहले से अच्छे संबंध थे लेकिन परिवार वाले इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे।
युवक राजमिस्त्री के साथ टाइल्स लगाने का काम करता था और राजकोट में रहकर कमाता था। घटना से करीब तीन दिन पहले ही वह गांव लौटा था। युवती घर पर ही रहती थी। ग्राम प्रधान कुमार शिवेंद्र ने बताया कि शुरुआती जानकारी में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।
मां ने लगाया आरोप
घटनास्थल पर बेटे का शव देखकर युवक की मां बेसुध हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती के परिवार ने दोनों की हत्या की है और यह घटना ऑनर किलिंग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि युवती के परिवार ने इस रिश्ते का पहले से विरोध किया था।
हालांकि पुलिस को घटनास्थल से ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला जिससे हत्या की पुष्टि हो सके। दोनों के शव एक ही तरह की नई रस्सी से लटके मिले।
यह भी पढ़ें: NEET विवाद पर कांग्रेस का प्रदर्शन — पुतला दहन, राज्यपाल को ज्ञापन
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम का इंतजार
थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया गया है। विधिक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों परिवारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।



