गाज़ीपुर। जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार दोपहर 2 बजे जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम और शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने DM कार्यालय के सामने सड़क पर लेटकर विरोध जताया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया जिसमें छात्रों की गिरफ्तारी, किसानों की खाद समस्या और स्मार्ट मीटर व्यवस्था समेत कई मुद्दे उठाए गए।
यह भी पढ़ें: कस्तूरबा गांधी विद्यालय सादात में DM का औचक निरीक्षण — एक साल से तैयार भवन में कक्षाएं नहीं, जताई नाराज़गी
छात्रों की रिहाई की मांग
ज्ञापन में दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने मांग की कि गिरफ्तार छात्रों को तत्काल रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि छात्रों, किसानों और आम जनता की समस्याओं पर सरकार ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है जिसे कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से नाकाम करती रहेगी।
किसान और बिजली उपभोक्ता भी मुद्दे में
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि प्रदेश का किसान DAP खाद के लिए भटक रहा है। युवा रोजगार और शिक्षा को लेकर चिंतित हैं जबकि आम उपभोक्ता बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर से परेशान हैं। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
कांग्रेस ने किसानों को पर्याप्त DAP खाद उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की। संदीप विश्वकर्मा ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने और उपभोक्ताओं को राहत देने की अपील की।
ज्ञापन में विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी और धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया गया।
यह भी पढ़ें: आईएस-191 गैंग के हथियार लाइसेंस जांच में खुलासा — सांसद अफज़ाल अंसारी पर FIR, दस्तावेज़ गायब
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
प्रदर्शन में डॉ. जनक कुशवाहा, अजय श्रीवास्तव, उषा चतुर्वेदी, सुमन चौबे, कुसुम तिवारी, धर्मेंद्र कुमार, प्रकाश राय, शंभू कुशवाहा और शक्ति राम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

