गाज़ीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के करीमुल्लापुर नहर किनारे गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान रोहित यादव (23) के रूप में हुई जो मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के भवनपुरा गांव के मूल निवासी थे और अपनी मां इंद्रा देवी के साथ गाज़ीपुर के मर्दापुर में रहते थे। दाहिनी कनपटी पर गोली का निशान था और सिर के नीचे एक गोली बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार को नहीं थी खबर
बड़े भाई राहुल यादव ने बताया कि परिवार को रोहित के गांव लौटने की कोई जानकारी नहीं थी। गांव के प्रधान का फोन आने पर वे नहर किनारे पहुंचे तब पता चला कि शव उनके छोटे भाई का है। रोहित वाराणसी में पढ़ाई के साथ शेयर मार्केट में भी पैसा लगाता था। मां इंद्रा देवी और दोनों भाई मर्दापुर में रहते थे जबकि बहन सरिता की शादी हो चुकी है।
मृतक के मामा मनोज यादव ने बताया कि गुरुवार सुबह 10 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने गाली-गलौज की। व्यस्त होने के कारण उन्होंने फोन काट दिया। बाद में जब उसी नंबर पर वापस संपर्क किया तो फोन बंद मिला। उन्होंने पुलिस से मांग की कि कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान की जाए।
यह भी पढ़ें: CM योगी का माफियाओं पर प्रहार — सांसद अफज़ाल पर सीधा निशाना
बुधवार रात हुई वारदात
थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना मिलते ही दरोगा प्रभाकर सिंह और लक्ष्मण यादव अपनी-अपनी टीम के साथ करीमुल्लापुर नहर किनारे पहुंचे। मृतक की पहचान उसके मामा मुकेश यादव ने की। घटनास्थल पर खून सूख चुका था जिससे प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या बुधवार की रात हुई। गुरुवार सुबह खेत की ओर जा रहे किसानों ने शव देखकर आसपास के लोगों को सूचित किया जिसके बाद पुलिस को खबर मिली। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है
पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रोहित वाराणसी से कब और किसके साथ गाज़ीपुर आया। क्या उसे किसी बहाने से बुलाया गया था? हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आर्थिक लेन-देन, शेयर मार्केट विवाद या कोई अन्य कारण है — पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और समय की पुष्टि होगी। फिलहाल हत्या का मकसद स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार यह मामला जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर शादियाबाद थाना क्षेत्र का है। जांच की प्रगति के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

