📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने गुरुवार को देवरिया शहर में चेकिंग अभियान चलाया। भटवलिया, बस स्टैंड, कोऑपरेटिव चौराहा, मालवीय रोड और जिला पंचायत कट पर यातायात पुलिस की टीमों ने नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की। अभियान में कुल 62 वाहनों का ई-चालान और 2 वाहन सीज किए गए।
किन वाहनों पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान सड़क पर गाड़ी खड़ी कर सवारी भरने वाली बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट के दोपहिया चलाने वाले और तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वाले चालकों का भी चालान किया गया। बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना फिटनेस के सड़क पर चल रहे ऑटो और ई-रिक्शा भी कार्रवाई की जद में आए।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर में CM योगी ने किया ₹692 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
बसें भी जांच में शामिल
चेकिंग अभियान केवल शहर के वाहनों तक सीमित नहीं रहा। देवरिया से पलिया (लखीमपुर खीरी) और देवरिया से दिल्ली के बीच चलने वाली बसों का भी एमवी एक्ट के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई। इन बसों की जांच में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि अंतरजनपदीय मार्गों पर चलने वाले वाहन भी नियमित जांच के दायरे में आते हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

