गाज़ीपुर। पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ शनिवार दोपहर गाज़ीपुर की सड़कों पर युवाओं ने आवाज बुलंद की। पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु तिवारी की अगुवाई में सरजू पांडेय पार्क से निकला जुलूस राइफल क्लब पहुंचा जहां उप जिलाधिकारी विनोद जोशी को राष्ट्रपति के नाम खून से लिखा ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सोनम वांगचुक की मांगों पर तत्काल निर्णय की मांग रखी गई।
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक को पुलिस जंतर मंतर से सफदरजंग ले गई
खून से लिखा राष्ट्रपति को ज्ञापन
पूर्व छात्रसंघ महामंत्री (PG कॉलेज) और पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु तिवारी ने दोपहर 12:30 बजे सरजू पांडेय पार्क से जुलूस निकाला जो नारेबाजी करते हुए राइफल क्लब पहुंचा। यहां उप जिलाधिकारी विनोद जोशी को राष्ट्रपति के नाम खून से लिखा ज्ञापन सौंपा गया।
सुधांशु तिवारी ने केंद्र सरकार से सोनम वांगचुक की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वांगचुक देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। केंद्र सरकार को उनकी मांगों पर देरी किए बिना ठोस कदम उठाने चाहिए।
तिवारी ने कहा कि NEET समेत देशभर में बार-बार हो रहे पेपर लीक की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में विफल रहने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से इस्तीफा देना चाहिए।
पेपर लीक से छात्रों का भरोसा टूटा
शशांक उपाध्याय ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक ने करोड़ों छात्रों की मेहनत को व्यर्थ कर दिया है। परीक्षाओं में धांधली से युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग के लिए सड़क पर उतरना मजबूरी बन गई है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाना अब जरूरी हो गया है। देशभर के छात्र वर्षों की मेहनत करते हैं लेकिन पेपर लीक की वजह से उनका भविष्य दांव पर लग जाता है।
प्रकाश राय ने कहा कि अपने ही अधिकारों के लिए युवाओं को आंदोलन करना पड़ रहा है जो शिक्षा व्यवस्था की गिरती साख को दर्शाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा सुधार की मांग करते हुए कहा कि युवाओं का धैर्य अब जवाब मांग रहा है।
यह भी पढ़ें: वांगचुक के समर्थन गाज़ीपुर के दुल्लहपुर में खून से लिखा राष्ट्रपति को पत्र
गाज़ीपुर के युवा सड़कों पर
प्रवीण दूबे ने चेतावनी दी कि यदि सोनम वांगचुक को किसी भी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो गाज़ीपुर के हजारों युवा एकजुट होकर बड़े आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि वांगचुक का स्वास्थ्य पूरे देश के युवाओं के लिए चिंता का विषय बन चुका है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शी परीक्षा की मांग को लेकर गाज़ीपुर के युवा पीछे नहीं हटेंगे। यदि सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और तेज होगा।
प्रदर्शन में अंशु पांडेय, धर्मेंद्र कुमार, ताम्रध्वज कुमार, शिवम पासवान, हर्ष पांडेय और रुद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में युवा और छात्र मौजूद रहे।


