गाज़ीपुर। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार 12 जुलाई को गाज़ीपुर जनपद के सभी बूथों पर “एक पेड़ मां के नाम” वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में समस्त विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने जंगीपुर विधानसभा के बूथ संख्या-340 पर 10 फलदार और छायादार पौधे लगाए। पौधरोपण के साथ सभी ने उनके नियमित संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया।
यह भी पढ़ें: कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने शेखपुर में किया पौधरोपण
भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में अभियान
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के रेवतीपुर बूथ संख्या-451 स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह के साथ 10 फलदार और छायादार पौधे लगाए। CHC परिसर में अशोक, आम और रुद्राक्ष के पौधे रोपित किए गए।
जिलाध्यक्ष राय ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण सबसे जरूरी है। जब हर परिवार एक पौधा लगाएगा और उसकी देखभाल करेगा तभी भावी पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण मिलेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने सैदपुर विधानसभा के मलिकपुर बूथ संख्या-299 पर पौधरोपण किया। निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के भाला बूथ संख्या-1 पर 7 पौधे लगाए।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने लगाए पौधे
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने जंगीपुर विधानसभा के बूथ संख्या-340 पर पौधरोपण कर कहा — “वृक्ष केवल प्रकृति का श्रृंगार नहीं बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। माँ के नाम एक पेड़ अभियान मातृभक्ति और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत समन्वय है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।”
पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने जखनिया विधानसभा के बरहट बूथ संख्या-419 पर 20 पौधे और पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय ने शिशुआपार बूथ संख्या-321 पर 35 पौधे लगाए। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय ने जखनिया विधानसभा के सिखड़ी बूथ संख्या-186 पर 10 पौधों का रोपण किया।
यह भी पढ़ें: देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में एक पेड़ माँ के नाम — 5,000 पौधे लगाए
कई स्थानों पर हुआ पौधरोपण
जिला उपाध्यक्ष सुधाकर कुशवाहा ने देवरीबारी बूथ संख्या-191 पर 10 पौधे लगाए। जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा ने गाज़ीपुर सदर विधानसभा के सकरताली बूथ संख्या-164 पर शक्ति केंद्र संयोजक अनुराग प्रजापति और बूथ अध्यक्ष संतोष प्रजापति के साथ आंवला, सागौन और अमरूद के कुल 17 पौधों का रोपण कर संरक्षण का संकल्प लिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक व्यक्ति पौधों की नियमित देखभाल का दायित्व निभाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे इस अभियान में माँ के नाम पेड़ लगाना मातृभक्ति और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।



