गाज़ीपुर, 12 अगस्त। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को रौजा, खानपुर और सैदपुर स्थित विद्युत केंद्रों का निरीक्षण किया। जिले में सिंचाई सीजन के दौरान बिजली मांग बढ़ने से ट्रांसफॉर्मर खराब होने और लो वोल्टेज की शिकायतें मिल रही हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सप्लाई व्यवस्था, कर्मचारियों की उपलब्धता और शिकायत निस्तारण प्रक्रिया की जांच की। इस दौरान दो जेई की कार्यप्रणाली में कमियां भी सामने आईं, जिनकी जांच के निर्देश दिए गए।
रौजा वर्कशॉप में सख्ती
जिलाधिकारी सबसे पहले रौजा स्थित विद्युत विभाग की वर्कशॉप पहुंचे और सब-ट्रांसफॉर्मर सप्लाई रजिस्टर खुलवाकर वहां उपलब्ध, खराब तथा मरम्मत के बाद तैयार ट्रांसफॉर्मरों की संख्या खंगाली। खराब पड़े ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत तुरंत पूरी कराने का निर्देश देने के साथ उन्होंने कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य करने, वर्कशॉप के बाहर स्पष्ट दिशा-निर्देश वाला बोर्ड लगाने और बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का आदेश दिया। इसका पालन न होने पर संबंधित जेई के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
मौके पर चल रहे मरम्मत कार्य को खुद देखने के साथ जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता उपभोक्ता से सीधे बात कर पूछा कि शिकायत के कितने समय बाद उसे ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया। वर्कशॉप में तैनात जितेंद्र कुमार गुप्ता और राजन चौबे नाम के दोनों जेई की कार्यप्रणाली में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वर्कशॉप में पड़े कबाड़ और अनुपयोगी सामान की स्थिति देखकर उसकी नियमानुसार नीलामी कराने का आदेश भी दिया गया।
यह भी पढ़ें: गौवंश तस्करी की दो नावें बरामद, गंगा नदी में हुई थी टक्कर
सैदपुर में बढ़ेंगे मजदूर
रौजा के बाद जिलाधिकारी सौना और सैदपुर स्थित विद्युत सब स्टेशन पहुंचे, जहां शिकायत रजिस्टर की जांच कर निस्तारण की स्थिति परखी गई। सैदपुर के ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप में जाकर देखा गया कि वहां मजदूरों की कमी की वजह से मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा था, जिसके बाद जिलाधिकारी ने आठ मजदूर और तैनात करने का आदेश जारी किया, जिससे जिले में ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता बनी रहे।
इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “किसानों और उपभोक्ताओं को समय से ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया जाए, मरम्मत, वितरण और शिकायत निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने वितरण तय नियमों व समय-सीमा के अनुसार नियमित रूप से कराने और सिंचाई सीजन को देखते हुए ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग का काम 24 घंटे शिफ्ट में कराने के निर्देश भी दिए।
खानपुर में केबल की समस्या
निरीक्षण अभियान के दौरान जिलाधिकारी खानपुर स्थित अनौनी विद्युत उपकेंद्र भी पहुंचे। यहां उन्हें बताया गया कि जौहरगंज पावर हाउस से मौधा सब-स्टेशन तक 33000 वोल्ट की आपूर्ति ले जाने वाली केबल को रेलवे ट्रैक पार कराने में लगातार दिक्कत आ रही है, जिसकी वजह से यह काम अटका हुआ है।
जिलाधिकारी ने इस समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस संबंध में रेलवे विभाग से जरूरी अनुमति के लिए बातचीत की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर केबल बिछाने का काम जल्द पूरा कराया जाए।

