कासिमाबाद (गाज़ीपुर)। जहूराबाद विधानसभा स्थित कासिमाबाद ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को भाजपा और सुभासपा का संयुक्त “NDA सरकार बेमिसाल” जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। पंचायतीराज मंत्री और सुभासपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में NDA गठबंधन 2017 का रिकॉर्ड तोड़ देगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की 128 सीटों पर सपा को उल्टा परिणाम मिलेगा और गाज़ीपुर की सातों विधानसभा सीटों पर NDA की जीत होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने और संचालन जिला मंत्री मयंक राय ने किया।
यह भी पढ़ें: CM योगी ने शामली, बिजनौर और गाज़ियाबाद को दी ₹2,452 करोड़ की सौगात
NDA 2017 का रिकॉर्ड तोड़ेगा
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि PM मोदी और CM योगी के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है जिसका लाभ आगामी चुनाव में मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने केवल घोषणाएं नहीं कीं बल्कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया उनका उद्घाटन भी कराया।
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को पूर्वांचल की राजनीतिक स्थिति का सही आकलन नहीं है। 2027 में पूर्वांचल की सभी 128 विधानसभा सीटों पर सपा को उल्टा परिणाम मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी सपा का जनाधार कमजोर हुआ है और जनता का भरोसा NDA गठबंधन पर बढ़ा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भाजपा और सुभासपा के कार्यकर्ता मिलकर गठबंधन धर्म का पालन करते हुए प्रदेश में दोबारा NDA सरकार बनाने के लिए काम करें। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और आगामी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। राजभर ने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जन-जन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।
कानून-व्यवस्था पर भी राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आपराधिक घटनाओं में संलिप्त हैं। उन्होंने लोगों से PM सूर्यघर योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अधिक से अधिक सोलर पैनल लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार इस पर अनुदान दे रही है जिससे बिजली खर्च कम होगा।
गाज़ीपुर में सातों सीटें NDA की
ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि 2027 में गाज़ीपुर की सभी सात विधानसभा सीटों पर NDA गठबंधन जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि जिले में NDA की स्थिति पहले से मजबूत है और 2027 तक यह और सशक्त होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 2027 का चुनाव उनके लिए एक चुनौती है और गठबंधन इसे पूरी मजबूती से स्वीकार कर चुका है। भाजपा और सुभासपा के बीच नियमित संयुक्त बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि जमीनी स्तर पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं का तालमेल बना रहे।
कार्यक्रम में अभिनव सिन्हा, सुरेंद्र राजभर, विष्णु प्रताप सिंह, शिवशंकर गुप्ता, सचिन कन्नौजिया, धर्मेंद्र राय, अखिलेश राय, श्यामराज तिवारी, शुभांशु मिश्रा, मनोज राजभर, धनंजय ओझा, विपिन बिहारी सिंह, प्रफुल्ल सिंह और नितिश उपाध्याय सहित दोनों दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: घोसी, दुद्धी और फरीदपुर सीटों पर नहीं होंगे उपचुनाव — CEC का बड़ा ऐलान
50 गांवों का ज्ञापन — मांग
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कासिमाबाद तहसील क्षेत्र के करीब 50 गांवों के ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री राजभर को ज्ञापन सौंपकर अपने गांवों को कासिमाबाद से हटाकर मोहम्मदाबाद तहसील में शामिल किए जाने की मांग की।
समाजसेवी नंदलाल राजभर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि इन गांवों से कासिमाबाद तहसील मुख्यालय की दूरी 20 से 25 किलोमीटर है जबकि मोहम्मदाबाद तहसील मात्र 5 से 6 किलोमीटर दूर है। ग्रामीणों का विकासखंड, थाना और बाजार भी मोहम्मदाबाद क्षेत्र में पड़ते हैं। इस कारण तहसीली कार्यों के लिए कासिमाबाद जाना समय और धन दोनों की बर्बादी है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी जिलाधिकारी और मंडलायुक्त को ज्ञापन दिया जा चुका है। ज्ञापन सौंपने वालों में नंदलाल राजभर, अरविंद राजभर, संतोष कुमार और रणजीत सिंह यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।


